भारत

देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया होली का त्योहार

Posted on

देशभर में पूरे हर्षोल्लास के साथ होली का त्योहार मनाया गया. कोरोना वायरस के ख़तरे के बावजूद आम लोग हों या विदेशी, सितारे हों या सेना के जवान सब पर होली का रंग खूब चढ़ा.दुनियाभर में मशहूर मथुरा की होली के निराले रंग भी मंगलवार को देखने को मिले. मथुरा के लोग जहां होली के रंग में रंगे दिखे, वहीं वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर समेत अन्‍य मंदिरों में होली धूमधाम से मनाई गई.शिव की नगरी वाराणसी में जमकर होली के रंग खिले. बाबा विश्वनाथ की नगरी में मस्ती का नज़ारा दिखा, जहां अबीर-गुलाल इतना उड़ा कि जमीन लाल नज़र आने लगी. गंगा के घाटों पर गुलाल और रंग से सराबोर हज़ारों लोगों ने खूब मस्ती की. होली पर कोरोना वायरस का भी असर दिखा. वाराणसी के मंदिर में पुजारी ने भगवान को मास्क लगाकर होली खेली.उज्जैन के महाकाल मंदिर में भी होली मनायी गयी. भक्तों ने होली के मौके पर महाकाल की खास पूजा की.उत्तर प्रदेश के तमाम शहर दिनभर रंगों से सराबोर रहे. राजधानी लखनऊ में जमकर होली मनी. कानपुर समेत तमाम और शहरों में भी होली मनी. अयोध्या में भी लोग होली के रंग में सराबोर नजर आए.राजधानी दिल्ली में होली का रंग खूब चढ़ा. बच्चे-बूढ़े हों या फिर जवान सबने खूब मस्ती की. सड़कों पर लोगों ने एक दूसरे को जमकर रंग लगाए. हालांकि कुछ जगहों पर कोरोना की वजह से होली थोड़ी फीकी रही.गुजरात भी होली की मस्ती में सराबोर रहा. सूरत और अहमदाबाद जैसे शहरों में लोग सुबह से ही घरों से निकले और अबीर गुलाल से होली खेलने के बाद गुझिया और पकवान खाए. अहमदाबाद के जगन्नाथ मंदिर में भी होली खेली गई.बिहार की राजधानी पटना सहित प्रदेश के तमाम इलाकों में रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मनाई गई. कई इलाकों में फगुआ और जोगीरा गीतों के बीच लोगों ने रंगों की होली का आंनद लिया. गया में दिव्यांग लोगों ने भी होली खेली.गोवा में भी रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मना. विदेशी सैलानियों ने जमकर होली मनाई.पूर्वोत्तर राज्यों में भी होली का रंग दिखा. असम के डिब्रूगढ़ में लोगों ने पारंपरिक तरीके से होली मनाई. साथ ही लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक भी किया गया.पंजाब के कई हिस्सों में भी होली का जश्न परंपरागत तरीके से मना. स्वर्ण मंदिर में भी होला मोहल्ला का आयोजन हुआ.देश के तमाम और राज्यों में भी होली का जश्न मनाया गया. लोगों ने रंग और अबीर से होली खेली और एक दूसरे के साथ मस्ती की.होली का सुरूर सीमा पर भी देखा जा रहा है. सरहद पर देश की सुरक्षा में लगे जवानों ने भी जमकर होली खेली और होली के रंग में रंगे दिखे.

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO