संसार
तुर्की में 6.8 तीव्रता का भूकंप, 18 लोगों की मौत
पूर्वी तुर्की में देर रात आए भूकंप से करीब 18 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय मीडिया के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 दर्ज की गई है. भारतीय समय के अनुसार भूकंप रात करीब 11.30 बजे आया.भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई इमारतें पूरी तरह से ढह गईं. इमारतों के नीचे अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. तुर्की के आंतरिक मामलों के मंत्री सुलेमान सोयलू ने कहा कि भूकंप से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है.तुर्की की आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि देश के पूर्वी हिस्से में 6.8 की तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए. यह झटके पूर्वी एलाजिग प्रांत के सिवरिस कस्बे के आस पास महसूस किए गए. अधिकारियों ने कहा कि भूकंप के कारण कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है और सैकड़ों लोग घायल हो गए है. भूकंप के डर से लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. सुरक्षाबलों द्वारा राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.