पंजाब

कैप्टन अमरिन्दर सिंह द्वारा इमरान ख़ान को करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए लगाई 20 डॉलर की फीस माफ करने की अपील

Posted on

चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर ने आज पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन करने जाने वाले भारतीय श्रद्धालुओं पर पाकिस्तान सरकार द्वारा लगाई 20 डॉलर की फीस को माफ करने की अपील की है।मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट के ज़रिये इमरान ख़ान से अपील करते हुए कहा, ‘‘मैं इमरान ख़ान को पाकिस्तान सरकार द्वारा करतारपुर साहिब आने वाले श्रद्धालुओं पर लगाई 20 डॉलर फीस को माफ करने की अपील करता हूँ जिससे वह श्री गुरु नानक देव जी के अंतिम समय व्यतीत करने वाले स्थान के ‘खुले दर्शन दीदार’ कर सकें। समूचा सिख भाईचारा पाकिस्तान द्वारा उठाए गए इस नेक कदम के लिए धन्यवादी होगा।’’
इसके उपरांत एक बयान में कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने बताया कि इस ऐतिहासिक गुरूद्वारे जिसको पूरे विश्व भर में श्री गुरू नानक देव जी के अंतिम समय व्यतीत करने वाले स्थान के तौर पर सत्कार दिया जाता है, की यात्रा समूची सिख कौम के सपने को साकार करती है। उन्होंने कहा कि फीस लागू करने के साथ-साथ और शर्तें जैसे कि पासपोर्ट ज़रूरी और श्रद्धालुओं द्वारा 30 दिनों से पहले का नोटिस आदि श्रद्धालुओं के सपने को साकार करने में रुकावट पैदा करेगी। इन श्रद्धालुओं में बहुत से गरीब हैं जो यह फीस देने के समर्थ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को इस ऐतिहासिक गुरूद्वारे के ‘खुले दर्शन’ करने के इकलौते मौके से वंचित न रहने दिया जाये।उन्होंने कहा कि करतारपुर गलियारे के निर्माण का मंतव्य पहले सिख गुरू श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को मुफ़्त प्रविष्टि की सुविधा प्रदान करना है और यह शर्तें इस मंतव्य की पूर्ति में रुकावट पैदा करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस गलियारे के निर्माण में सहमति प्रकट करके पाकिस्तान सरकार ने बहुत प्रशंसनीय कदम उठाया है जिसे पूरे सिख भाईचारे द्वारा सराहा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इमरान ख़ान सरकार को चाहिए कि वह फीस को ख़त्म करके अपने इस प्रशंसनीय कदम में और वृद्धि करे और श्रद्धालुओं के लिए लगाई गईं शर्तों को ख़त्म करे।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO