संसार
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गोलीबारी की घटनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका में ‘नफरत के लिए कोई स्थान नहीं है’ और इन नरसंहारों को अंजाम देने वाले बंदूकधारी ‘मानसिक समस्याओं’ से ग्रसित हैं।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सप्ताहांत में हुई गोलीबारी की दो घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्वेत श्रेष्ठवाद और नस्लवाद की कड़ी निंदा की। ट्रंप ने कहा कि सामूहिक हत्या करने वालों को सजा ‘जल्द’ होनी चाहिए। ट्रंप का यह बयान एलपासो, और डायटन में गोलीबारी की घटनाओं में लोगों के मारे जाने के बाद आया है। डोनाल्ड ट्रंप इन आरोपों का सामना कर रहे हैं कि प्रवासी विरोधी उनकी बयानबाजी ने देश में कट्टरपंथियों को और बढ़ावा दिया है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस से अपने सीधे प्रसारण का इस्तेमाल नस्लवाद की असामान्य तौर पर सीधी निंदा करने के लिए किया। उन्होंने कहा कि हमारे देश को नस्लवाद, कट्टरता और श्वेत श्रेष्ठवाद की निंदा करनी चाहिए। उन्होंने एफबीआई को निर्देश दिया कि वह ‘‘घृणा के चलते होने वाले अपराधों और घरेलू अतिवाद’’ से मुकाबले के लिए सभी संसाधनों का इस्तेमाल करे।