संसार
संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर जताया शोक
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर देश ही नहीं विदेश में भी शोक की लहर है. संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नाडा एस्पिनोसा ने सुषमा स्वराज के निधन पर दुख प्रगट किया है.संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फर्नाडा एस्पिनोसा ने भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की प्रशंसा करते हुए उन्हें असाधारण महिला और नेता बताया.एस्पिसोना ने ट्वीट किया, “अपना जीवन जनसेवा में समर्पित करने वाली असाधारण महिला और नेता सुषमा स्वराज के निधन का समाचार सुनकर बहुत दुख हुआ. भारत दौरे पर मुझे उनसे मिलने का सम्मान प्राप्त हुआ था और उन्हें हमेशा प्यार के साथ याद करूंगी.नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी शर्मा ओली ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया और कहा, “सुषमा स्वराज के निधन के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। वे भारत की एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता और पूर्व विदेश मंत्री थीं। भारत के लोगों के साथ-साथ शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना। मुझे याद है कि वह कितने लगाव के साथ मुझे भाई कहती थीं और आत्मीयता की भावनाओं को साझा करती थीं।”मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया और कहा, ‘मेरी अच्छी मित्र सुषमा स्वराज के निधन की खबर दुःखद। वो एक असाधारण महिला राजनीतिज्ञ, उत्कृष्ट राजनयिक और बेहतरीन इंसान थीं। सुषमा जी नए मालदीव-भारत मैत्री की प्रमुख वास्तुकार भी थीं। शोक संतप्त परिवार और भारत के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे.’अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘बहन जी सुषमा स्वराज के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुःख हुआ। वे एक बड़ी नेता, एक महान वक्ता और आम लोगों से जुड़ी हुईं थीं। भारत के लोगों, उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।