खेल
इंग्लैंड बना विश्व क्रिकेट का नया बादशाह
इंग्लैंड ने क्रिकेट विश्व कप का ख़िताब पहली बार अपने नाम कर लिया। इंग्लिश टीम ने फ़ाइनल मुक़ाबले में न्यूज़ीलैंड को शिकस्त दी।
विश्व क्रिकेट पर राज करने का अंग्रेज़ों का सपना आख़िरकार 44 साल के लंबे इंतज़ार के बाद क्रिकेट के मक्का लॉडर्स के मैदान पर पूरा हो ही गया। क्रिकेट का जन्मदाता विश्व क्रिकेट के इतिहास में पहली बार वल्ड चैम्पियन के तौर पर सामने आ गया। टॉस हारकर गेंदबाज़ी करने उतरी इंग्लैंड को पहली सफलता क्रिस वोक्स ने दिलाई जिन्होने 19 के स्कोर पर मार्टिन गप्टिल की इनिंग पर ताला जड़ दिया। लेकिन शुरूआती के आदि हो चले कप्तान केन विलियमसन ने हेनरी निकोल्स के साथ पारी को संभालने का काम शुरू किया और दोनो के बीच दूसरे विकेट के लिए 74 रन की पार्टनरशिप सामने आई। लेकिन लायम प्लंकेट ने 30 के स्कोर पर विलियमसन का विकेट झटक कीवी टीम की दिक्कत को बढ़ाया।यहां पर सबसे ज्यादा ज़िम्मेदारी हेनरी निकोल्स पर थी लेकिन अर्धशतक में 5 रन और जोड़ते ही 55 पर वो भी प्लंकेट का शिकार बने।यहां से ज़रूरत एक अच्छी साझेदारी की थी लेकिन रौस टेलर खरे नहीं उतरे और 15 पर पवैलियन लौट गए। न्यूज़ीलैंड की ओर से थोड़ा बहुत संघर्ष टॉम लैथम ने दिखाया और 56 गेंद पर बेहद ज़रूरी 47 रन की पारी खेली। लैथम 47 पर आउट हुए तो वहीं जेम्स नीशम और कोलिन डे ग्रैंडहोम ने 19 और 16 रन की पारी खेलकर न्यूज़ीलैंड के स्कोर को 8 विकेट पर 241 रन का स्कोर किया।कीवी टीम ने फाइटिंग स्कोर तो ज़रूर किया और उसी हिसाब से कसी हुई गेंदबाज़ी करके इंग्लिश टीम को परेशान भी रखा। जिसका असर जेसन रॉय की इस विकेट के रूप में सामने आया जो 17 पर मैट हेनरी की गेंद पर लैथम को कैच दे बैठे। जॉनी बेयरस्टो ने अच्छे हाथ दिखाए लेकिन जो रूट के रूप में इंग्लैंड को दूसरा बड़ा झटका लगा। लॉकी फरग्यूसन और जेम्स नीशम ने जॉनी बेयरस्टो और इयॉन मौर्गन का विकेट निकाल इंग्लिश टीम को गहरे संकट में डाला जिससे उबारने का काम बेन स्टोक्स और जोस बटलर की जोड़ी ने किया। पांचवें विकेट के लिए इन दोनो के बीच शतकीय साझेदारी सामने आई। बेहद दबाव के बीच इन दोनो बल्लेबाज़ों ने अर्धशतक पूरे किए,लेकिन प्रेशर के बीच जोस बटलर 59 पर अपना विकेट इस अंदाज़ में गंवा बैठे।पल पल रोमांच की ओर बढ़ते इस मैच में एक तरफ रन आए तो दूसरी ओर विकेट भी गिरे आख़िरी ओवर में हुए इस ओवर थ्रो ने इंग्लैंड की मैच में वापसी कराई, आख़िरी गेंद पर इंग्लैंड को 2 रन चाहिए थे लेकिन 1 ही रन सामने आया और इंग्लैंड की आख़िरी विकेट भी सामने आ गई। मैच टाई हुआ और सुपर ओवर में गया जहां एक बार फिर रोमांच सर चढ़कर बोला और न्यूज़ीलैंड के सामने 16 रन का टार्गेट सेट हुआ जहां मुक़ाबला फिर टाई रहा लेकिन इनिंग्स और सुपर ओवर में ज्यादा बाउंड्री के बल पर इंग्लैंड विश्व चैम्पियन बन गया।