पंजाब

पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा नाभा जेल हत्या मामले के सभी पक्षों की जांच के लिए एस.आई.टी. का गठन

Posted on

चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने न्यू नाभा जेल में बरगाड़ी बेअदबी मामले के मुख्य दोषी की हत्या की जाँच के लिए विशेष जांच टीम (एस.आई.टी) के गठन के आदेश जारी किये हैं। इस फ़ैसले का ऐलान आज यहाँ मुख्यमंत्री ने उच्च पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की उच्च स्तरीय मीटिंग के दौरान किया।
आज यहाँ एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि ए.डी.जी.पी कानून व्यवस्था ईश्वर सिंह के नेतृत्व में एस.आई.टी पिछले साल पकड़े गए डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी महिंदर पाल बिट्टू पर हुए घातक हमले के सभी पक्षों की जांच करेगी। कैदियों द्वारा बिट्टू की की गई हत्या के पीछे अगर कोई साजिश हुई तो उसका भी एस.आई.टी पता लगाएगी। एस.आई.टी के सदस्यों में अमरदीप राय आई.जी. पटियाला, हरदयाल मान डी.आई.जी. इंटेलिजेंस, मनदीप सिंह एस.एस.पी पटियाला और कश्मीर सिंह ए.आई.जी काउंटर इंटेलिजेंस शामिल हैं। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने भविष्य में इस तरह की कोई भी घटना होने से रोकने के लिए सभी कदम उठाने के लिए जेल मंत्री और ए.डी.जी.पी. जेल को कहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में इस तरह का उल्लंघन और जेलों की सुरक्षा में किसी भी तरह की कमी को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मृतक के विरुद्ध मामलों को वापस लेने की डेरे के अनुयायियों की माँग पर प्रतिक्रिया प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना रास्ता खुद अपनाएगा। बिट्टू के विरुद्ध मामले में अंतिम जाँच रिपोर्ट अदालत में पेश की गई है और इस सम्बन्ध में कोई भी फ़ैसला लेना अदालत पर निर्भर करता है। जेल में बिट्टू की हत्या के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि हत्या के दोषियों को सख्त सज़ा का सामना करना पड़ेगा। घटना के बाद राज्य में सुरक्षा प्रबंध पुख़्ता कर दिए गए हैं और अफ़वाहों को फैलने से रोकने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य में शान्ति और सांप्रदायिक सद्भावना बनाए रखने के लिए सभी संभव कदम उठाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए हैं। प्राथमिक जाँच के दौरान यह बात सामने आई है कि फऱीदकोट के निवासी 49 वर्षीय बिट्टू पर हमला गुरसेवक सिंह (पुलिस थाना सुहाना, मोहाली) और मनिन्दर सिंह (पुलिस थाना बडाली आला सिंह, फतेहगढ़ साहिब) ने किया है जो एक कत्ल के केस में जेल में थे।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO