भारत
जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जापान के ओसाका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा। सम्मेलन में होने वाले बहुपक्षीय और द्वीपक्षीय बैठकों में होंगे शामिल। आर्थिक स्थिरता, काला धन और आतंकवाद हो सकता है सम्मेलन में भारत के टॉप एजेंडे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 बैठक में हिस्सा लेने के लिए जापान के ओसाका जाएंगे। जी-20 समिट 28 से 29 जून तक होगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि यह छठी बार होगा जब पीएम मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम द्विपक्षीय बैठकों के अलावा कुछ बहुपक्षीय बैठकों में भी भाग लेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ओसाका जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के शेरपा होंगे।सुरेश प्रभु ने कहा कि इस बैठक में ऊर्जा सुरक्षा और वित्तीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल अर्थ व्यवस्था में नवाचार और कृत्रिम बुद्धि जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। शिखर सम्मेलन में जी-20 के सदस्य देशों के अलावा भी अन्य देश भाग लेंगे।