खेल
भारत और न्यूज़ीलैंड की टीम आज होंगी आमने-सामने
इन दोनों टीमों के बीच इंग्लैंड की सरजमीं पर विश्व कप में अब तक जो तीन मैच खेले गये हैं उन सभी में कीवी टीम विजयी रही है। कोहली की टीम के लिये उसके इस विजय अभियान पर रोक लगाने की भी चुनौती होगी क्रिकेट विश्व कप में आज भारत और न्यूज़ीलैंड की टीम आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता में दोनों ही टीमें अब तक अविजित हैं ऐसे में इस मैच का परिणाम तय करेगा कि कौन सी टीम प्रतियोगिता में पहली बार हार का स्वाद चखती है। हालांकि मुश्किल ये है कि इस मैच पर भी बारिश के बादल मंडरा रहे हैं और ये तय नहीं है कि दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिलेगा या नहीँ।इंग्लैंड में चल रहे क्रिकेट विश्व कप में अब तक एक भी मैच नही गवांने वाली 2 टीम न्यूज़ीलैंड और भारत गुरुवार को टेंटब्रिज़ पर आमने-सामने होंगी। चोटिल शिखर धवन की अनुपस्थिति में भारतीय टीम की न्यूजीलैंड के दमदार आक्रमण के सामने कड़ी परीक्षा होगी । हालाकी इंग्लैंड में चल रही बेमौसम की बरसात का साया भारत और न्यूजीलैंड के मैच पर मंडरा रहा है और ऐसे में इसके ओवरों में कटौती संभव है। धवन की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा के साथ केएल राहुल पारी का आगाज करने के लिये उतर सकते हैं। धवन का बायें हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण अगले तीन मैचों में खेलना संदिग्ध है। टूर्नामेंट का अभी केवल दूसरा सप्ताह है तथा गुरुवार को उछाल वाले लेकिन बल्लेबाजी के लिये अनुकूल विकेट पर मैच होगा। इस तरह की परिस्थितियों में पारी का आगाज करना हालांकि आसान नहीं होगा । अगर वह ट्रेंट बोल्ट के शुरुआती स्पेल को अच्छी तरह से खेल लेते हैं तो इससे आगामी मैचों के लिये भी उनका मनोबल बढ़ेगा। उनके सामने दूसरे छोर पर खड़े रोहित शर्मा का उदाहरण होगा जो परिस्थितियों के अनुसार अपने खेल को बदलने में देर नहीं लगाते हैं। उन्हें रोहित की तरह पावरप्ले में कम से कम जोखिम लेना होगा। तीसरे नंबर कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी पारी खेलने के साथ ही अपने फार्म में होने के संकेत दे दिए है। राहुल के शीर्ष क्रम में आने का मतलब है कि विजय शंकर और दिनेश कार्तिक में से किसी को नंबर चार पर उतारा जाएगा। शंकर में आलराउंड क्षमता है तो कार्तिक अनुभवी हैं। इसके बाद धोनी और केदार जाधव किवी बल्लेबाजो के लिए किसी भी परिस्थिती में खतरनाक साबित हो सकते है। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार ने पहले दोनो मैचो में बेहतरीन प्रदर्शन किया।वहीं काले घने बादल और नमी वाली परिस्थितियों को देखते हुए मोहम्मद शमी को भी कलाई के किसी स्पिनर के बदले अंतिम एकादश में रखा जा सकता है। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड ने अब तक अपने तीनों मैच जीते हैं और उसकी टीम आत्मविश्वास से भरी है। वह अपना विजय अभियान जारी रखने के लिये प्रतिबद्ध है। मार्टिन गप्टिल और कॉलिन मुनरो की सलामी जोड़ी विश्व के किसी भी गेंदबाजी आक्रामण को तहस नहस करने की झमता रखती है। वही नंबर तीन पर कप्तान केन विलियम्सन है जो मौजूदा समय में विश्व के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ो में से एक है। वही मिडिल आर्डर में रॉस टेलर के रूप में कीवी टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज है जो भारतीय गेंदबाजो को अच्छी तरह से समझते है। वहीं गेंदबाजी में अनुभवी ट्रेंट बोल्ट को खेलना भारतीय बल्लेबाजो के लिए आसान नही होगा। बोल्ट के अलावा लॉकी फर्गुसन की गेंदो में तेजी भारत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।