संसार

इमरान खान के लिए बनाई थी सांप की खाल से पेशावरी चप्‍पलें, वन्‍य जीव विभाग ने की जब्‍त

Posted on

पेशावर – पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अब सांप की खाल से बनी पेशावरी चप्‍पलें नहीं पहन पाएंगे। खैबर पख्‍तूनख्‍वा प्रांत के वन्‍य जीव विभाग ने छापेमारी में एक फुटवियर की दुकान से सांप की खाल से बनी एक जोड़ी पेशावरी चप्‍पलें बरामद की हैं। ये चप्‍पलें प्रधानमंत्री इमरान खान को तोहफे में दी जानी थीं।डॉन सामाचार पत्र के मुताबिक, वन्‍य जीव विभाग के अधिकारियों ने पेशावर के नमक मंडी इलाके में अफगान चप्‍पल हाउस नाम की फुटवियर की दुकान पर छापेमारी की जिसमें ये चप्‍पलें बरामद की गईं। हालांकि, दुकान के मालिक, नूरुद्दीन सिनवारी ने अपने बचाव में कहा कि सांप की खाल अमेरिका से दो जोड़ी कप्‍तान चप्‍पलें बनाने के लिए भेजी गई थी।दुकानदार ने बताया कि खाल देने वाले ने एक जोड़ी चप्‍पल खुद के लिए जबकि दूसरी प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए बनाने को कहा था। जिले के वन्‍य जीव अधिकारी अलीम खान ने बताया कि बरामद किया गया चमड़ा सांप का ही है इस बारे में छानबीन शुरू की जा रही है।वहीं, खैबर पख्‍तूनख्‍वा प्रांत के पर्यावरण मंत्री इस्तिआक उमर ने कहा कि सांप की खाल से चप्‍पलें बनाना पूरी तरह गैर कानूनी है। भले ही ये चप्‍पलें किसी भी शख्‍स के लिए क्‍यों न बनाई जा रही हों। सरकार इस तरह का गैर कानूनी काम बर्दाश्‍त नहीं करेगी। यदि जांच में यह साबित हो जाता है कि मोची ने इन चप्‍पलों को बनाने में सांप की खाल का इस्‍तेमाल किया तो उसे कानून के मुताबिक सजा भुगतनी होगी।बता दें कि साल 2015 में दुकान के मालिक, नूरुद्दीन सिनवारी ने पारंपरिक पेशावरी चप्‍पलों को कप्‍तान चप्‍पलों तौर पर लॉन्‍च किया था। पाकिस्‍तान में दोहरे सोल वाली ये पेशावरी चप्‍पलें काफी समय से फैशन में हैं, लेकिन पाकिस्‍तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की शादी में जब नूरुद्दीन की ओर से ये चप्‍पलें उन्‍हें तोहफे में दी गई तब से इसका प्रचलन और ज्यादा हो गया।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO