संसार

मालदीव की संसद के स्पीकर बने पूर्व राष्ट्रपति नशीद

Posted on

मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मुहम्मद नशीद को भारी बहुमत से देश की संसद पीपुल्स मजलिस का अध्यक्ष चुन लिया गया है। कई साल तक स्वनिर्वासित रहे नशीद पिछले साल मालदीव में सत्ता परिवर्तन के बाद नवंबर में स्वदेश लौटे थे। अप्रैल में हुए संसदीय चुनाव में उनकी मालदीव डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) ने तीन चौथाई बहुमत के साथ प्रचंड जीत हासिल की थी। मंगलवार को संसद में हुए मतदान के दौरान नशीद को 87 में से 67 सासंदों का समर्थन मिला। मालदीव में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के बाद स्पीकर तीसरा सबसे प्रमुख पद है।तीस साल की तानाशाही के बाद नशीद 2008 में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से निर्वाचित देश के पहले राष्ट्रपति बने थे। वरिष्ठ जज की गिरफ्तारी का आदेश देने के मामले में विरोध झेलने के बाद उन्होंने 2012 में इस्तीफा दे दिया था। इसके अगले साल वह यामीन अब्दुल्ला गयूम से राष्ट्रपति चुनाव हार गए।जिसके बाद जज की गिरफ्तारी के मामले में उन्हें जेल की सजा सुनाई गई थी। यामीन ने उनके साथ विपक्ष के कई अन्य नेताओं को या तो जेल में बंद कर दिया था या निर्वासित कर दिया था। इलाज के लिए ब्रिटेन जाने के बाद नशीद भी कई साल विदेश में रहे। पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव में एमडीपी के इब्राहिम सोलिह की जीत के बाद वह वापस लौटे।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO