क्रिकेट

अभ्यास मैच में भारत का ध्यान चौथे नंबर के संशय को खत्म करने पर

Posted on

विराट कोहली की टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के टूर्नामेंट में दो खिताबों में एक और ट्राफी जोड़ने के इरादे से यहां पहुंची है। उसने 1983 और 2011 में खिताब अपने नाम किया था। वनडे रैंकिंग में भारतीय टीम इंग्लैंड से पीछे दूसरे स्थान पर हैं और वह मेजबान देश और गत चैम्पियन आस्ट्रेलिया के साथ टूर्नामेंट की प्रबल दावेदारों में शुमार होगी। भारत पांच जून को साउथम्पटन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट में अभियान की शुरूआत करेगा। प्रतिद्वंद्वी टीमों की निगाहें हालांकि भारतीय कप्तान पर टिकी होंगी जो 50 ओवर के क्रिकेट के अलावा टेस्ट क्रिकेट में भी नंबर एक बल्लेबाज हैं। साथ ही विपक्षी टीमें उनके तेज गेंदबाजी आक्रमण को भी परखना चाहेंगी। सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित शर्मा और शिखर धवन के बाद तीसरे नंबर पर विराट कोहली की मौजूदगी से शीर्ष तीन के हिसाब से भारत दुनिया में सबसे मजबूत टीम है। अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी, आल राउंडर केदार जाधव और हार्दिक पंड्या की मौजूदगी से लाइन अप में गहराई मौजूद है। प्रतिद्वंद्वी भारत के तेज गेंदबाजों पर भी निगाह लगाये होंगे कि वे परिस्थितियों का कैसे फायदा उठाते हैं जो टूर्नामेंट में काफी अहम कारक होगा। दुनिया के शीर्ष रैंकिंग पर काबिज वनडे गेंदबाज जसप्रीत बुमराह तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुवा हैं जिसमें मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक शामिल हैं। कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की मौजूदगी से भारतीय आक्रमण में विविधता आती है तथा आगामी हफ्तों में वे प्रभावी भूमिका निभायेंगे। हाल के वर्षों में वनडे के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार रॉस टेलर ने कहा था कि अच्छा है कि न्यूजीलैंड की टीम अपने अभ्यास मैच में भारत से खेल रही है। कोहली ने अपनी टीम की काबिलियत पर भरोसा जताया था जबकि न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में टीम का एकजुट होना अच्छा है। हम दो महीनों से एक साथ नहीं खेले थे लेकिन ऐसा सिर्फ हमारे साथ ही नहीं है। ’’न्यूजीलैंड के विकेटकीपर टाम लाथम अंगुली में चोट के कारण विश्व कप की तैयारियों के लिये टीम के अभ्यास मैचों में नहीं खेल पायेंगे। कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि लाथम की जगह टाम ब्लंडेल खेलेंगे। न्यूजीलैंड ने अपना अंतिम वनडे 19 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। अभ्यास मैच भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू होगा।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO