भारत

पांचवें दौर का मतदान खत्म, 62 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज

Posted on

लोकतंत्र के महापर्व के पांचवे चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान संपन्न, 62 प्रतिशत से ज्यादा हुआ मतदान , पश्चिम बंगाल को छोडकर बाकी जगहों पर मतदान रहा शांतिपूर्ण , बीजेपी ने की पुनर्मतदान की मांग, 543 में से 424 सीटों पर मतदान पूरा.लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सेदारी के लिए आम जन का उत्साह दिन भर हिलोरे मारता रहा। क्या महिला क्या पुरुष क्या युवा क्या बुजुर्ग, हर कोई इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाह रहा था और यही वजह है मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी लाइनें लगी रही। देश की 543 में से 51  सीटों पर सोमवार सुबह सात बजे से मतदान शुरु हुआ जो शाम छह बजे खत्म हुआ ।

हालांकि कई जगहों पर मतदाताओं की लंबी कतारों के चलते निर्धारित समय के बाद भी वोटिंग जारी रही।
सोमवार को जिन 51 सीटों पर मतदान हुआ वो 7 राज्यों में फैली हैं। इस चरण में करीब 8 करोड़ 75 लाख मतदाता थे जिन्होने 674 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया। चुनाव के लिए बनाए गए मतदान बूथों पर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की पूरी तैयारी की गयी थी । लाखों कर्मचारियों के साथ ही केन्द्रीय और राज्य के सुरक्षाकर्मियों  को मतदान की प्रक्रिया में लगाया गया था। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चौथे चरण  में धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फ़ैज़ाबाद, बहराइच, कैसरगंज, गोंडा समेत लखनऊ, अमेठी और रायबरेली जैसी हाई प्रोफाइल सीटें पर भी मतदान हुआ।

तेज गर्मी के बावजूद मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया।इसी चरण में राजस्थान की 12 सीटों पर  भी शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न हो गया। राज्य में मतदाताओं में जोरदार उत्साह दिखा। इसी के साथ राजस्थान में पूरा मतदान संपन्न हो गया। पांचवे चरण में पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर वोटिंग हुई और लोगों में खासा उत्साह देखा गया। राज्य में इस चरण में भी हिंसा की वारदातें हुई। बनगांव, हुगली और बैरकपुर सीटों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं दर्ज की गयी ।  बैरकपुर सीट पर   तृणमूल कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच झड़प हुई । हुगली में चुनाव आयोग ने मतदान रोक दिया और पीठासीन अधिकारी भी हटा दिया।

बीजेपी ने कोलकाता में चुनाव आयोग से भी हिंसा की घटनाओं की शिकायत की। पांचवे चरण में मध्य प्रदेश की 7 सीटों पर वोटिंग हुई। मध्यप्रदेश के लिए ये चुनाव का दूसरा चरण था। राज्य में तमाम मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखीं। इसी चरण में बिहार की  5 लोकसभा सीटों के लिये भी मतदान संपन्न हुआ।राज्य में  चुनाव को स्वतंत्र निष्पक्ष एवं भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

सोमवार को झारखंड की चार सीटों कोडरमा, रांची, खूंटी और हज़ारीबाग के लिए  भी शांतिपूर्ण मतदान हुआ। जम्मू कश्मीर की दो  सीटों के लिए भी मतदान हुआ। इस चरण में अनंतनाग और लद्दाख में मतदान हुआ। अनंतनाग की सीट पर सुरक्षा कारणों के चलते तीन चरणों में मतदान कराया जा रहा है। पांचवे चरण के साथ ही अनंतनाग सीट के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो गयी। पांचवे चरण में जिन उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गयी उनमें केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ,केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्यवर्धन राठौर, जयंत सिन्हा, कांग्रेस के तनुज पुनिया  बीजेपी के राजीव प्रताप रुडी, लोजपा के पशुपति पारस पासवान  टीएमसी त्रिवेदी शामिल हैं।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO