खेल

युवा निशानेबाज दिव्यांश ने हासिल किया ओलंपिक कोटा

Posted on

भारत के 17 वर्षीय युवा निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार ने विश्व कप में रजत पदक जीतकर देश के लिये चौथा ओलंपिक कोटा स्थान हासिल किया। अपनी दूसरी ही सीनियर प्रतियोगिता में भाग ले रहे दिव्यांश ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 249.0 के कुल स्कोर से रजत पदक जीता।दिव्यांश महज 0.4 अंक से स्वर्ण पदक से चूक गये जिसे चीन के जिचेंग हुई ने 249.4 अंक बनाकर अपने नाम किया। रूस के ग्रिगोरी शामोकोव को 227.5 अंक के स्कोर से कांस्य पदक मिला। यह भारत का चौथा ओलंपिक 2020 तोक्यो ओलंपिक कोटा है, इससे पहले अंजुम मोदगिल और अपूर्वी चंदेला (10 मीटर एयर राइफल महिला) और सौरभ चौधरी (10 मीटर एयर पिस्टल पुरूष) ने विश्व कप और पिछले साल विश्व चैम्पियनशिप में ओलंपिक स्थान हासिल किया था। दिव्यांश ने कुल 629.2 अंक से तीसरे स्थान से फाइनल के लिये क्वालीफाई किया। अन्य भारतीयों में रवि कुमार 624.1 अंक से 44वां जबकि दीपक कुमार ने 622.6 अंक से 57वां स्थान हासिल किया। दिव्यांश ने पदक और कोटा जीतने के बाद कहा, ‘‘अपने देश के लिये कोटा जीतकर काफी गर्व महसूस हो रहा है। मैंने इस फाइनल से काफी अनुभव हासिल किया। यह काफी कठिन टूर्नामेंट था जिसमें अनुभवी निशानेबाज और ओलंपिक भाग ले रहे थे। ’’ गुरूवार को दिव्यांश ने अंजुम मोदगिल के साथ मिलकर लियू रूजुआन और यांग हाओरान की चीनी जोड़ी को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में 17-15 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। यह भारत का चीन में विश्व कप में तीसरा पदक है और पदक तालिका में देश शीर्ष पर है। मनु भाकर और सौरभ चौधरी की जोड़ी ने गुरूवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO