पंजाब
मुख्यमंत्री ने बारिश और आँधी से रबी की फसल को हुए नुक्सान का जायज़ा लेने के लिए आपदा प्रबंधन कमेटी की बैठक बुलाई
मुख्य सचिव को विशेष गिरदावरी प्राथमिकता के आधार पर मुकम्मल करने के लिए डिप्टी कमीश्नरों को दिशा -निर्देश जारी करने के लिए कहा
चंडीगढ़ – बेमौसम बारिश और आँधी के कारण फ़सलों के हुए नुक्सान का गंभीर नोटिस लेते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने आपदा प्रबंधन कमेटी की तत्काल मीटिंग बुलाई जिससे नुक्सान का अनुमान लगाया जा सके।राज्य में 16 और 17 अप्रैल को तेज़ आँधी और बारिश होने से रबी की फसलों को नुक्सान पहुँचा था और मुख्यमंत्री ने बुधवार को नुक्सान का पता लगाने के लिए विशेष गिरदावरी करवाने के हुक्म दिए थे।आज मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को कहा कि विशेष गिरदावरी पहल के आधार पर मुकम्मल करने के लिए डिप्टी कमीश्नरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये जाएँ। स्थिति का जायज़ा लेते हुए कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने मुख्य सचिव को विशेष गिरदावरी की प्रगति की निगरानी करने और तत्काल आधार पर इसको मुकम्मल करने को यकीनी बनाने की हिदायत की।बारिश और आँधी के कारण फसलों को हुए नुक्सान के सम्बन्ध में कृषि विभाग द्वारा सौंपी गई रिपोर्टों का जायज़ा लेते हुए मुख्यमंत्री ने सरकारी नियमों के अनुसार प्रभावित किसानों को मुआवज़े का वितरण समय पर करने को यकीनी बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में तेज़ी लाने के लिए हर संभव कदम उठाने के हुक्म दिए।