व्यापार
इस साल सामान्य रहेगा दक्षिण पश्चिम मॉनसून
देश के किसानों के लिए खुशखबरी, इस साल सामान्य रहेगा दक्षिण पश्चिम मॉनसून, इस साल औसत का 96 फीसदी बारिश रहेगी, अल नीनो का प्रभाव रहेगा कम।मॉनसून के मोर्चे पर इस साल अच्छी खबर है। मौसम विभाग ने इस साल देशभर में मॉनसून के सामान्य रहने की उम्मीद जताई है। विभाग के मुताबिक मॉनसूनी बारिश इस साल दीर्घावधि औसत का करीब 96 फीसदी रहेगी। इसे सामान्य माना जाता है। देश में 1951 से 2000 यानि 50 साल की अवधि की औसत बारिश को दीर्घावधि औसत माना जाता है, जो 89 सेंटीमीटर होती है।गौरतलब है कि भारत में दक्षिण पश्चिम मॉनसून की अवधि जून से सितंबर यानि चार महीने की होती है। मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मॉनसून सीज़न के दौरान अल नीनो का प्रभाव कम रहेगा। इससे जुलाई और अगस्त के महीने में अच्छी बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग के पहले चरण के पूर्वानुमान के मुताबिक मॉनसूनी बारिश के सामान्य के अधिक या अत्यधिक होने की संभावना काफी कम है, हालांकि देशभर में वर्षा का वितरण अच्छा रहेगा। ये देशभर के किसानों के लिए फायदेमंद रहेगा और इससे खरीफ सीज़न के दौरान खाद्यान्न का उत्पादन भी काफी अच्छा रहेगा।