क्रिकेट

राजस्थान ने रोमांचक मैच में मुंबई को 4 विकेट से दी मात।

Posted on

आइपीएल में शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन का लक्ष्य रखा। राजस्थान ने इस लक्ष्य को 19.3 ओवर में 6 विकेट गंवा कर हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने जोश बटलर के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत देते हुए पावरप्ले में 59 रन बनाए। रहाणे ने 21 गेंद में 37 रन बनाए। इसके बाद आए संजू सैमसन के साथ मिलकर  बटलर ने रन बनाना जारी रखा। दोनो के बीच दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी हुई। जोस बटलर ने 89 रन की पारी खेली। जल्द ही सैमसन भी 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनके आउट होने तक टीम आसानी से लक्ष्य तक पहुंचने की ओर बढ़ रही थी। लेकिन इसके बाद टीम ने जल्दी जल्दी तीन विकेट गंवा दिये। राजस्थान को जीत के लिए अंतिम ओवर में छह रन चाहिए थे। श्रेयस गोपाल ने ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाकार टीम को जीत दिला दी। उन्होने 7 गेंद में नाबाद 13 रन बनाए। इससे पहले मुंबई ने क्विंटन डिकॉक  और रोहित शर्मा की शानदार बल्लेबाजी की मदद से 20 ओवर में  5 विकेट गंवा कर 187 रन बनाए । डिकॉक ने  टीम के लिए सबसे अधिक 81 रन की पारी खेली। उन्होने 52 गेंद की पारी के दौरान छह चौके और चार छक्के जड़े । वही पैर की चोट से उबर कर टीम में वापसी कर रहे कप्तान रोहित शर्मा ने 32 गेंद पर 47 रन बनाए। हार्दिक पंड्या की अंत में 11 गेंद पर खेली गयी 28 रन की पारी भी उपयोगी साबित हुई जिसमें उन्होंने तीन छक्के और एक चौका जड़ा। इससे मुंबई की टीम 190 रन के स्कोर के करीब पहुंच गयी।  यह रोहित का मुंबई इंडियंस के लिये कप्तान के तौर पर 100वां मैच था जिसमें अब बंद हो चुकी चैम्पियंस लीग टी20 के मैच भी शामिल हैं। वहीं यह मुंबई का ओवरआल 200वां मैच था।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO