भारत
छत्तीसगढ़ नक्सली मुठभेड़ में बीएसएफ के 4 जवान शहीद
छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सली मुठभेड़, बीएसएफ के 4 जवान शहीद, 2 घायल, महला स्थित बीएसएफ के शिविर से गश्त पर निकले थे सुरक्षा बल।छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार सुबह पुलिस व नक्सलियों के मध्य हुई मुठभेड़ में बीएसएफ 114वीं बटालियन के एएसआई सहित 4 जवान शहीद हो गए और दो घायल हो गए । मुठभेड़ में बीएसएफ के एएसआई बोरो, आरक्षक पी रामकृष्ण, सोमेश्वर एवं इसरार खान शहीद हो गए, जबकि सहायक कमांडेंट गोपूराम और निरीक्षक गोपाल राम घायल हो गए जिन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
कांकेर एसपी केएल ध्रुव ने बताया कि परतापुर थाने से बीएसएफ एवं डीएफ का संयुक्त पुलिस बल गश्त सर्चिंग के लिए रवाना हुआ था। ग्राम महला के समीप घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फौरन मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की। लगभग 4 घंटे की मुठभेड़ के बाद अंतत: नक्सली घने जंगल और पहाड़ी की आड़ लेकर भाग गए।दो घायल जवानों को पखांजूर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां से रायपुर रेफर किया गया है। इलाके में गश्त सर्चिंग बढ़ा दी गई है और हमलावर नक्सलियों की तलाश में पुलिस पार्टियां रवाना की गई हैं।