टेनिस

सिंधू, श्रीकांत मलेशिया ओपन के दूसरे दौर में

Posted on

शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को यहां मलेशिया ओपन विश्व टूर सुपर 750 टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाई। ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता पीवी सिंधू ने दुनिया की 20वें नंबर की खिलाड़ी आया ओहोरी को कड़े मुकाबले में 22-20 21-12 से हराया। जापान की खिलाड़ी के खिलाफ सिंधू की यह छठी जीत है।पिछले हफ्ते इंडिया ओपन के फाइनल में जगह बनाने वाले श्रीकांत ने इंडोनेशिया के इहसान मौलाना मुस्तफा को 38 मिनट में 21-18 21-16 से शिकस्त दी। पांचवीं वरीयता प्राप्त सिंधू अगले दौर में कोरिया की सुंग जी ह्युन से भिड़ेगी जिन्होंने इस भारतीय दिग्गज को आल इंग्लैंड चैंपियनशिप के पहले दौर में ही हराकर बाहर कर दिया था।
इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी भी पहले दौर की बाधा पार करने में विफल रही और हेन चेंगकाई और झाउ हाओडिंग की चीन की सातवीं वरीय जोड़ी के खिलाफ 16-21 6-21 से हार गई।वहीं दूसरे दौर में श्रीकांत का सामना गुरुवार को थाईलैंड के खोसित फेतप्रदाब से होगा। पिछले हफ्ते नयी दिल्ली में क्वार्टर फाइनल में पहुंचे एचएस प्रणय को हालांकि कड़े मुकाबले में थाईलैंड के सिथिकोम थमासिन के खिलाफ 12-21 21-16 21-14 से हार का सामना करना पड़ा। समीर वर्मा को भी पहले दौर में शिकस्त झेलनी पड़ी।
महिला एकल मैच में दुनिया की छठे नंबर की खिलाड़ी सिंधू ने अच्छी शुरुआत करते हुए 5-2 की बढ़त बनाई लेकिन जापान की खिलाड़ी ने इसके बाद वापसी करते हुए 12-7 की बढ़त बना ली। सिंधू 13-12 से आगे निकली लेकिन ओहोरी ने 20-19 के स्कोर पर गेम प्वाइंट हासिल कर लिया। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार तीन अंक के साथ पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में बेहतर शुरुआत करते हुए 12-5 की बढ़त बनाई और फिर आसानी से गेम और मैच जीत लिया।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO