खेल

निशानेबाज मनु और सौरभ की जोड़ी ने एशियाई एयरगन चैंपियनशिप में स्वर्ण जीता

Posted on

भारतीय निशानेबाज मनु भाकर की और सौरभ चौधरी की जोड़ी ने ताइपै के ताओयुआन में चल रही 12वीं एशियाई एयरगन चैंपियनशिप में बुधवार को दस मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में क्वालीफिकेशन में नया विश्व रिकार्ड बनाया और बाद में इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी जीता।

क्वालीफिकेशन में 17 वर्षीय मनु और 16 वर्षीय सौरभ ने मिलकर 784 अंक बनाये तथा रूस की वितालिना बातसरासकिना और आर्तम चेर्नोसोव के पांच दिन पहले यूरोपीय चैंपियनशिप में बनाये गये रिकार्ड को तोड़ा। इस भारतीय जोड़ी ने पांच टीमों के फाइनल में 484.8 अंक के साथ पहला स्थान हासिल करके स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इन दोनों ने एक महीने पहले आईएसएसएफ विश्व कप में भी सोने का तमगा जीता था।

कोरिया की ह्वांग सियोनगुन और किम मोज की जोड़ी ने 481.1 अंक लेकर रजत और ताइपै की चिया यिंग और कोउ कुआन तिंग ने 413.3 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। स्पर्धा में भाग ले रही दूसरी भारतीय जोड़ी अनुराधा और अभिषेक वर्मा ने भी फाइनल्स में जगह बनायी लेकिन उन्हें 372.1 अंक के साथ चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO