भारत
लोकसभा चुनाव के लिए ज़ोरों पर प्रचार
जैसे-जैसे चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही हैं, राजनीतिक सरगर्मियां तेज़
होती जा रही हैं. रैलियों और सभाओं के जरिए जहां विभिन्न दलों के दिग्गज
नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है तो वहीं दावों और वादों की
चुनावी बयार भी बह रही है.
भारतीय जनता पार्टी विजय संकल्प सभा के
अंतिम दिन पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में
विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्हें दिशाहीन, नेतृत्वविहीन और अवसरवादी
करार दिया.
देश के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा के कई बड़े नेताओं ने
संकल्प सभाओं के माध्यम से जनता से विकास और मोदी सरकार के कार्यों के आधार
पर जनता से वोट देने की अपील की. भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने उत्तर-पूर्वी
दिल्ली, जबकि स्मृति ईरानी ने उत्तर प्रदेश के भदोही में विपक्ष को आड़े
हाथ लिया.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के श्रीगंगानगर
में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सभी नागरिकों के लिए कानून समान
होना चाहिए.
उधर दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में भी चुनावी पारा
तेज़ी से चढ़ रहा है. मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने
पार्टी के लिए प्रचार किया. प्रचार में उनके साथ नेशनल कॉन्फ्रेंस के
वरिष्ठ नेता फारुख अब्दुल्ला भी दिखे. दोनों नेताओं ने जगन रेड्डी वाईएसआर
पर जमकर निशाना साधा.
आंध्र प्रदेश में लोकसभा की सभी 25 सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होगा. इसके साथ ही राज्य विधानसभा के लिए भी मतदान होगा.