संसार

पीड़ित लड़कियों के पिता ने की आत्मदाह की कोशिश

Posted on

पाकिस्तान में अगवा हिंदू लड़कियों के पिता ने की आत्मदाह की कोशिश

पाकिस्‍तान के सिंध प्रांत में होली के मौके पर हिंदू लड़कियों का जबरन अपहरण कर धर्मांतरण कर निकाह के मामले में सोमवार पीड़ित लड़कियों के पिता ने आत्‍मदाह करने की कोशिश की। लेकिन वहां स्‍थानीय लोगों ने ऐसा करने से रोक लिया। हालांकि इस दौरान वह लगातार इंसाफ की मांग कर रहे थे। सिंध प्रांत के घोटकी जिले से 13 वर्षीया रवीना और 15 वर्षीया रीना का रसूखदार लोगों के गिरोह ने अपहरण कर लिया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद देश भर में कोहराम मचा।

अगवा की गई दोनों बहनों के परिवार ने 20 मार्च को एफआइआर दर्ज कराया था। अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री इमरान खान को चुनावी वादा याद दिलाया है। प्रधानमंत्री ने चुनाव में जबरन धर्मातरण बंद कराने का वादा किया था।

प्रधानमंत्री ने मामले की जांच का आदेश दिया है। नाबालिग लड़कियों ने पंजाब प्रांत के बहावलपुर की एक कोर्ट से संरक्षण देने का अनुरोध किया है।’पुलिस ने खानपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर शक है कि उसने लड़कियों का निकाह कराने में मदद की है।’ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआइ) के प्रतिष्ठित हिंदू सांसद रमेश कुमार वंकवानी ने कहा कि वह नेशनल असेंबली के अगले सत्र में जबरन धर्मातरण खत्म करने की मांग करने वाला एक प्रस्ताव पेश करेंगे।

मसौदा प्रस्ताव कहता है, ‘सिंध असेंबली ने 2016 में जबरन धर्मातरण के खिलाफ सर्वसम्मति से एक विधेयक पारित किया था, लेकिन चरमपंथी तत्वों के दबाव में इसे पलट दिया गया था। इस विधेयक को फिर से पेश किया जाना चाहिए और प्राथमिकता के आधार पर असेंबली में पारित करना चाहिए।’

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO