भारत

गोवा में भारतीय जनता पार्टी ने साबित किया बहुमत

Posted on

गोवा में भाजपा की सरकार ने विधानसभा में अपना विश्वास मत हासिल कर लिया है. यहां प्रस्ताव के पक्ष में 20 और विरोध में 15 वोट पड़े. विश्वास मत जीतने के बाद नई सरकार ने गोवा के विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताई.प्रमोद सावंत द्वारा गोवा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के दो दिन बाद अपने पहले बड़े शक्ति परीक्षण में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली उनकी सरकार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने में कामयाब हो गई. विधानसभा सत्र की अध्यक्षता उपाध्यक्ष माइकल लोबो ने की. बहुमत के लिए 19 विधायकों की जरुरत थी. भाजपा की अगुवाई वाली सरकार के पक्ष में 20 विधायकों ने मतदान किया.भाजपा के 11 विधायकों के अलावा गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के तीन-तीन और तीन निर्दलीय विधायकों ने सावंत का समर्थन किया.कांग्रेस के सभी 14 विधायकों और राकांपा के एक विधायक ने प्रस्ताव का विरोध किया.विश्वास मत जीतने के बाद नई सरकार ने राज्य के हर कोने में विकास कार्यों को पहुंचाने के लिए काम करने का विश्वास जताया.शक्ति परीक्षण में भाजपा की जीत को कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस ने इससे पहले राज्य में सरकार बनाने का दावा किया था. गोवा में कुल 40 विधानसभा सीट हैं, लेकिन मनोहर पर्रिकर और भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा के निधन और कांग्रेस के दो विधायकों सुभाष शिरोडकर और दयानंद सोप्टे के पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में चले जाने से विधानसभा की क्षमता घटकर 36 हो गई है.अन्य दलों के साथ सत्ता के बंटवारे के समझौते के तहत भाजपा का समर्थन करने वाले जीएफपी प्रमुख विजय सरदेसाई और एमजीपी विधायक सुदीन धवलीकर को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है. शक्ति परीक्षण से पहले सदन में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर और भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO