व्यापार

पीएनबी घोटाले का मुख्य आरोपी नीरव मोदी लंदन में गिरफ़्तार

Posted on

पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के आरोपी और भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी को बुधवार को लंदन में गिरफ्तार कर लिया गया. नीरव मोदी के खिलाफ दो दिन पहले 18 मार्च को लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत ने वारंट जारी किया था, जिसके बाद ये तय माना जा रहा था कि किसी भी वक्त उसकी गिरफ्तारी हो सकती है और ठीक वैसा ही हुआ. वारंट जारी होने के बाद नीरव मोदी के सामने समर्पण करने का विकल्प भी था लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. हाल ही में एक खबर भी आई थी कि नीरव मोदी लंदन में आलीशान घर में रह रहा है. उसके नए सिरे से वहां हीरा कारोबार शुरू करने की भी खबर थी. नीरव मोदी की गिरफ्तारी में सीबीआई ने भी बड़ी भूमिका निभाई है. नीरव मोदी के खिलाफ जून, 2018 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था. नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी पर पंजाब नेशनल बैंक में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप है. इस मामले में वांछित भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी पर प्रवर्तन निदेशालय मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहा है.नीरव मोदी के खिलाफ 15 फरवरी, 2018 को सीबीआई ने केस दर्ज किया था. ईडी ने सीबीआई की ओर से दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर पिछले साल 15 फरवरी को दोनों आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था. ईडी अब तक चोकसी और नीरव मोदी की 4,765 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुका है.नीरव मोदी की गिरफ्तारी के बाद मुंबई की स्पेशल कोर्ट ने नीरव मोदी के घर से जब्त 163 मंहगी पेंटिंग्स और 11 लग्जरी कारों को नीलाम करने का आदेश दिया है. अब अगले हफ्ते तक ईडी पेंटिंग और लग्जरी कारें नीलाम करेगी. इससे पहले पिछले सप्ताह नीरव मोदी के महाराष्ट्र स्थित रायगढ़ के अलीबाग में आलीशान बंगले को विस्फोटक लगाकर ढहा दिया गया. ईडी ने सूरत और मुंबई में नीरव मोदी की करोड़ों रुपये की संपत्ति अटैच कर दी थी. इसमें नीरव मोदी की 8 कारें, एक प्लांट, मशीनरी, ज्वेलरी, पेटिंग और अचल संपत्तियां भी शामिल थीं.

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO