भारत

चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, कांग्रेस नेता टॉम वडक्कन बीजेपी में शामिल

Posted on

चुनावी सरगर्मी के बीच नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी तेज हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मीडिया प्रभारी रहे टॉम वडक्कन ने आज भाजपा का दामन थाम लिया है। चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के लिए ये बडा झटका है। तो वहीं पश्चिम बंगाल में तृणमूल के किले में भी लगी सेंध…

चुनावों का वक्त आते ही नेताओं का इधर-उधर आने-जाने का सिलसिला जारी है। कांग्रेस को गुरुवार को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब पार्टी आलाकमान के करीबी नेताओं में शामिल वरिष्ठ नेता टॉम वडक्कन बीजेपी में शामिल हो गए। पार्टी मुख्यालय में पहले वडक्कन ने बीजेपी की सदस्यता ली और फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात की। वडक्कन ने पुलवामा आतंकी हमले के बाद वायु सेना के हवाई हमले पर कांग्रेस पार्टी की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए।

गुरुवार को ही बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय में कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल रॉय की मौजूदगी में बंगाल से टीएमसी छोड़कर एक और नेता बीजेपी में शामिल हो गये। चार बार के विधायक अर्जुन सिंह ने टीएमसी छोड़कर बीजेपी में सदस्यता ग्रहण की।

उधर ओडिशा सत्तारूढ़ बीजू जनता दल को झटका देते हुए उसके लोकसभा सदस्य बालभद्र माझी ने बृहस्पतिवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने गुरुवार को कहा कि उनके दिवंगत पिता पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार की टिप्पणी अनुचित है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विखे पाटिल ने अपने बेटे सुजय के भाजपा में शामिल होने को उनका निजी फैसला बताया।

इस बीच एनसीपी ने अपने 12 लोकसभा उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जिसके अनुसार सुप्रिया सुले बारामती से चुनाव लड़ेंगी जिसका प्रतिनिधित्व उनके पिता शरद पवार करते थे।

वहीं काँग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान को औपचारिक रूप से शुरू करने के लिए केरल के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे। मछुआरों से संवाद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो अलग मत्स्य मंत्रालय बनाएंगे।

उधर बीएसपी और सपा के बीच गठबंधन और सीटों को लेकर सब कुछ फाइनल हो चुका है। एसपी बीएसपी ने कहा है कि उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं।

यूपी में कांग्रेस भले ही गठबंधन में वहीं है लेकिन उसने कहा है कि उनकी पार्टी नहीं चाहती यूपी में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन चुनाव हारे और उनकी पार्टी उन हिस्सों में ‘गठबंधन’ के साथ तालमेल कर सकती है, जहां वह मजबूत नहीं है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर जा रही हैं जहाँ वो चुनाव अभियान की शुरूआत करेंगी।

इधर दिल्ली में आम आदमी पार्टी द्वारा 6 उम्मीदवारों की घोषणा करने के बावजूद अभी भी काँग्रेस के साथ तालमेल को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है। दोनों पार्टियों के नेता अभी भी इस बारे में बात करते दिखाई देते हैं लेकिन कांग्रेस की दिल्ली इकाई में इस बात को लेकर मतभेद बरकरार है। ज़ाहिर है कि चुनावों के मद्देनज़र पार्टियों की सक्रियता बढ गई है और सभी पार्टियों ने अपनी अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO