संसार
चीन के प्रधानमंत्री ली कछ्यांग आज करेंगे रक्षा बजट बढ़ाने की घोषणा
चीन ने दिए रक्षा बजट बढ़ाने के संकेत, प्रधानमंत्री ली कछ्यांग आज करेंगे घोषणा
चीन
अपनी सेना को सुगठित करने के लिए सैनिकों की संख्या में लगातार कमी कर रहा
है। बावजूद इसके करीब 20 लाख सैनिकों के साथ उसके पास दुनिया की सबसे बड़ी
सेना है।
बीजिंग, प्रेट्र। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े रक्षा बजट वाले
देश चीन ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में वह रक्षा पर खर्च को और
बढ़ाएगा, लेकिन यह किसी को धमकाने के लिए नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि चीन
ने पिछले वर्ष अपने रक्षा बजट में 2017 की तुलना में 8.1 प्रतिशत की
बढ़ोतरी की थी।
2018 के लिए उसने अपना रक्षा बजट 175 अरब डॉलर (12
लाख करोड़ रुपये से ज्यादा) का तय किया था। यह धनराशि भारत के रक्षा बजट से
तीन गुना से भी ज्यादा है। अमेरिका ने वर्ष 2019 के लिए 717 अरब डॉलर (50
लाख करोड़ रुपये से ज्यादा) के रक्षा बजट को मंजूरी दी है। वर्ष 2019 के
लिए चीन के रक्षा बजट का एलान संभवत: मंगलवार को प्रधानमंत्री ली कछ्यांग
करेंगे। वह नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) के सालाना सत्र में सरकार के
कामकाज की रिपोर्ट पेश करेंगे। एनपीसी के प्रवक्ता झांग येसुई ने सोमवार को
प्रेस कांफ्रेंस में रक्षा बजट में बढ़ोतरी के संकेत देते हुए कहा कि बड़े
विकसित देशों के सैन्य बजट की तुलना में यह अभी भी कम होगा।
येसुई
का आशय सेना पर आकार के अनुसार खर्च को लेकर था। प्रवक्ता ने कहा, देश पर
खतरे के कम या ज्यादा होने से रक्षा बजट का निर्धारण नहीं होता। यह देश की
विदेश और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति से तय होता है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016
के बाद चीन का रक्षा बजट तेजी से बढ़ा है और यह हर साल बढ़ता जा रहा है।
झांग ने कहा, चीन का रक्षा बजट उसके जीडीपी का महज 1.3 प्रतिशत है जबकि
बड़े विकसित देश अपने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का दो प्रतिशत रक्षा बजट
पर खर्च करते हैं। प्रवक्ता ने कहा, चीन की नीति शांति के पथ पर चलते हुए
विकास करने की है।
देश अपनी संप्रभुता के लिए आवश्यकता के अनुसार रक्षा
पर खर्च करता है। उसका अपनी सुरक्षा और देश की अखंडता बनाए रखने का
उद्देश्य है। इससे किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उल्लेखनीय है कि
चीन अपनी सेना को सुगठित करने के लिए सैनिकों की संख्या में लगातार कमी कर
रहा है। बावजूद इसके करीब 20 लाख सैनिकों के साथ उसके पास दुनिया की सबसे
बड़ी सेना है।