भारत
पीएम मोदी आज करेंगे प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना की शुरूआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात यात्रा के दूसरे दिन यानि आज
प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना की भी शुरूआत करेंगे। योजना के तहत
इसमें शामिल लोगों को 60 वर्ष की उम्र के बाद 3,000 रुपए प्रति माह पेंशन
के रुप में प्राप्त होंगे। प्रधानमंत्री आज अदालज में शिक्षण भवन और
विद्यार्थी भवन की आधारशिला भी रखेंगे ।
वंचितों,शोषितों का समग्र
विकास करना ही मौजूदा केंद्र सरकार का मक़सद है। असंगठित क्षेत्र के लिए
पहले दुर्घटना बीमा और जीवन बीमा के बाद सरकार इस क्षेत्र के लोगों के लिए
पेंशन योजना को भी लॉन्च कर रही है। प्रधानमंत्री पेंशन योजना की शुरुआत
अहमदाबाद से शुरू करेंगे। प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के तहत
प्रधानमंत्री पेंशन धारकों को कार्ड वितरित करेंगे।
सामाजिक सुरक्षा
की इस महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा इस बार के बजट में ही की गई थी। इसके
तहत असंगठित क्षेत्र के लोगों को वृद्धा अवस्था में पेंशन सुनिश्चित हो
सकेगी। श्रम योगी मानधन योजना से वे सभी लोग जुड़ सकते हैं जिनकी आय 15
हज़ार प्रति माह है या इससे कम है। इस योजना में स्वैच्छिक रूप से वो लोग
जुड़ सकते हैं जो योग्य हों। जुड़ने की उम्र 18 वर्ष से 40 वर्ष तक की है।
किसी भी कॉमन सेंटर पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। 60 वर्ष की उम्र
के बाद जुड़ने वाले पात्र व्यक्तियों 3 हज़ार प्रति माह की निश्चित राशि
पेंशन के रूप में मिलेगी। इसके तहत 18 वर्ष की उम्र में जुड़ने वाले
व्यक्ति को 55रु. प्रति माह 29 वर्ष की आयु में जुड़ने वाले को 100रु.
प्रति माह और 40वर्ष की उम्र में जुड़ने वाले व्यक्ति को 200रु. प्रति माह
का अंशदान देना होगा।
इससे 10 करोड़ असंगठित क्षेत्र के लोगों को अगले 5 साल में लाभ होने का अनुमान है।
प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी आज गांधीनगर के अडालज में माता अन्नपूर्णा मंदिर की ”प्राण
प्रतिष्ठा” कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और मंदिर का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री यहाँ, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिये बनने वाले
प्रशिक्षण सह छात्रावास के लिये आधारशिला भी रखेंगे जिसमें विशेषकर ग्रामीण
इलाकों से आने वाले छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिये मदद उपलब्ध
कराई जाएगी । इसके अलावा प्रधानमंत्री गांधीनगर में अन्नपूर्णाधाम का दौरा
करेंगे और जनसभा को भी संबोधित करेंगे।