भारत
दो दिन के जम्मू-कश्मीर दौरे पर चुनाव आयोग की टीम
चुनाव आयोग सोमवार से जम्मू कश्मीर में राज्य विधानसभा चुनाव और
लोकसभा चुनाव साथ में कराना कितना व्यवहारिक है, इसका आकलन करने के लिए दो
दिन के दौरे पर है.
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा की
अध्यक्षता में चुनाव आयोग के दल ने पहले दिन श्रीनगर में राजनीतिक दलों के
साथ चर्चा की. चुनाव आयोग ने राज्य सरकार के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस
अधीक्षकों और उपायुक्तों से भी मुलाकात की और स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव
कराने के लिए राज्य में सुरक्षा स्थिति के संबंध में उनसे जानकारी ली.
मुख्य
चुनाव आयुक्त ने कहा की लोकतंत्र के सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए जल्द
ही जम्मू-कश्मीर में चुनाव कराए जाएंगे. चुनाव आयोग ने पोल संबंधी
तैयारियों की भी समीक्षा की और इस बात पर ज़ोर दिया की राज्य प्रशासन ये
सुनिश्चित करे की चुनावी खर्च की निगरानी की जाए ताकि गैर-क़ानूनी
गतिविधियों पर लगाम रहे. भयमुक्त और स्वतंत्र माहौल में चुनाव कराने के लिए
आयोग ने सुरक्षाबलों की समुचित तैनाती की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया.
कश्मीर
में लगभग सभी राजनीतिक दलों ने राज्य विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनावों के
साथ कराने की वकालत की है. लेकिन चुनाव आयोग भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े
हुए तनाव की मौजूदा स्थिति में जमीनी हालात का आकलन करना चाहता है.
मंगलवार को यह टीम जम्मू के लिए रवाना होगी और वहां भी बैठकें कर हालात को
जायज़ा लिया जाएगा.