व्यापार
नवोन्मेष के लिए प्रतिस्पर्धा नीति महत्वपूर्ण: मुख्य आर्थिक सलाहकार
मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) के.वी.सुब्रमण्यम ने कहा कि देश में
नवोन्मेष को बढ़ावा देने, आर्थिक वृद्धि तेज करने और रोजगार के अवसर सृजित
करने के लिये प्रभावी प्रतिस्पर्धा महत्वपूर्ण है। उन्होंने ऐसे उपाय करने
की भी वकालत की जिससे ऋण भुगतान में चूक करने वाली कंपनियों को
दिशानिर्देशों के दायरे में लाया जा सके और ये कंपनियां बाजार के अनुकूल
व्यवहार का अनुपालन कर सकें।
उन्होंने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग
द्वारा यहां आयोजित एक व्याख्यान में कहा, ‘‘नवोन्मेष आज की अर्थव्यवस्था
में काफी महत्वपूर्ण है। यदि यह सदी भारत की होनी है तो नवोन्मेष पर हमें
जोर देना होगा। इस कारण नवोन्मेष के संदर्भ में प्रतिस्पर्धा नीति वास्तव
में महत्वपूर्ण हो जाती है।’’
सुब्रमण्यम ने कहा कि भारतीय
अर्थव्यवस्था में नवोन्मेष को बढ़ावा देने के लिये उत्पाद बाजारों तथा श्रम
एवं पूंजी समेत उत्पादन में मदद करने वाले अन्य बाजारों में प्रभावी
प्रतिस्पर्धा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इससे अधिक रोजगार सृजित
होंगे, उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा और आर्थिक वृद्धि तेज होगी।