खेल
विराट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 72 रन की पारी खेलकर लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी
नई दिल्ली-भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 38 गेंदों पर नाबाद 72 रन की पारी खेली। विराट ने अपनी पारी में दो चौके और छह शानदार छक्के लगाए। विराट ने अपनी इस पारी के दौरान एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया तो दो विश्व रिकॉर्ड्स की बराबरी भी कर ली। विराट की इस शानदार पारी के दम पर भारत ने 20 ओवर में 190 रन का मजबूत स्कोर बनाया। विराट ने इस मैच में धौनी के साथ 100 रन की बेहतरीन साझेदारी भी की।
विराट ने दूसरे टी20 मैच के दौरान क्रिकेट के सबसे छोटे
प्रारूप में अपने 2200 रन पूरे कर लिया। उन्होंने सिर्फ 67वें मैच में ये
उपलब्धि हासिल कर ली। विराट क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे कम
पारियों में 2200 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
हालांकि विराट दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने 2200 रन का
आंकड़ा छूआ है। उनसे पहले रोहित शर्मा, मार्टिन गप्टिल व शोएब मलिक ये कमाल
कर चुके हैं। रोहित शर्मा के नाम टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक 2331 रन
बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने ये रन बनाने के लिए 94 मैच खेले हैं।
मार्टिन गप्टिल ने 76 मैच में 2272 रन बनाए हैं। शोएब मलिक ने 111 मैचों
में 2263 रन बनाए हैं। इस मैच के बाद विराट के नाम 67 मैचों में 2263 रन हो
गए हैं। उन्होंने अब मलिक की बराबरी कर ली है।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौका लगाने का रिकॉर्ड तिलकरत्ने दिलशान के नाम पर था। विराट ने अब उनकी बराबरी कर ली है। विराट ने 67 मैचों में 223 चौके लगाए हैं वहीं दिलशान ने भी क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में 223 चौके लगाए थे। अब अंतरराष्ट्रीय टी 20 मैचों में सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में दोनों संयुक्त रूप से एक साथ आ गए हैं।विराट ने रोहित की बराबरी की:-टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम पर था। रोहित ने क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में 20 अर्धशतक लगाए थे। अब विराट रोहित की बराबरी पर आ गए हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर मार्टिन गप्टिल हैं।
विराट कोहली ने टी20 करियर में 50.28 की औसत
से रन बनाए हैं। यह औसत 1500 से अधिक रन बनाने वाले क्रिकेटरों में सबसे
अधिक हैं। एक हजार से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे अधिक औसत का
रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम (53.72 की औसत से 1182 रन) के नाम है। विराट
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अर्धशतक लगाकर श्रीलंका के बल्लेबाज कुशल परेरा का
एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। परेरा ने बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 में पांच
अर्धशतक जड़े हैं। विराट के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 अर्धशतक हो गए हैं।
विराट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पारी में 6 छ्क्के लगाकर टी-20 में छक्कों का अर्धशतक पूरा कर लिया। विराट के 67 टी-20 मैचों में 54 छक्के हो गए हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में वो चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। विराट के अलावा अंतरारष्ट्रीय टी-20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के रोहित शर्मा(102), युवराज सिंह(74), सुरेश रैना(58), विराट कोहली(54) और महेंद्र सिंह धौनी( 52) ने लगाए हैं। धौनी ने भी इसी मैच के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी-20 में अपने 50 छक्के पूरे कर लिए।