संसार
पुलवामा हमला: अमरीका, रूस और फ्रांस समेत दुनिया भर में हो रही निंदा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने पुलवामा आतंकी हमले की
कड़ी आलोचना करते हुए दोषियों को सज़ा देने का आह्वान किया। अमरीका, रूस और
फ्रांस समेत दुनिया भर के देशों ने पुलवामा आतंकी हमले की निंदा की है।
पड़ोसी देशों नेपाल, श्रीलंका, भूटान और मालदीव ने भी जताई संवेदनाएं।
अमेरिका
ने आतंकवादियों की इस कायराना हरकत की निंदा की है। भारत में अमेरिकी
राजदूत केन जस्टर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की अमेरिका
कड़ी निंदा करता है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता राबर्ट
पैलेडिनो ने भी इस हमले की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए कहा कि आतंकवाद
के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका, भारत के साथ है। अमेरिका ने सभी देशों से
अपील की है कि संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के मुताबिक आतंकियों को पनाह
देने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने की प्रक्रिया तेज़ कर दी जाए।
भारत
के पड़ोसी देश नेपाल ने भी जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की निंदा की
है। नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
से फोन पर बात कर इस घटना पर अपनी संवेदना जताई। इसके साथ ही श्रीलंका,
भूटान और मालदीव ने भी इस कायराना हमले की निंदा की है। रुस ने भी हमले की
निंदा की है, रूसी दूतावास ने एक बयान में शहीदों के परिवारों के प्रति
संवेदना जतायी है और आतंक के हर रुप की निंदा की है। फ्रांस, इस्राइल,
कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने भी हमले की निंदा की है और मृतकों के परिजनों के
प्रति संवेदना जताई है।
भूटान ने कहा है कि वो इस तरह की अमानवीय
और कायरतापूर्ण करतूत की निंदा करता है। श्रीलंका के पीएम रानिल
विक्रमासिंघे ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारत के
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ और पीड़ित परिवारों के साथ हमारी पूरी
संवेदना है। मालदीव के विदेश मंत्रालय ने भी पुलवामा में हुए इस आतंकवादी
हमले की कड़ी निंदा की है। इसे लेकर मालदीव विदेश मंत्रालय ने पीड़ितों और
देश की जनता के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।