भारत

प्रधानमंत्री आज हरियाणा के कुरुक्षेत्र का करेंगे दौरा

Posted on

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हरियाणा के लोगों को कई सौगातें देंगे…पीएम कुरुक्षेत्र में स्वच्छ शक्ति 2019 कार्यक्रम को संबोधित करेंगे जिसमें दस हज़ार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंच सरपंच और अन्य महिला प्रतिनिधि शामिल होंगी.. प्रधानमंत्री, झज्जर में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करेंगे ..कई अन्य योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री देश के पहले आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी करेंगे।

अपने धार्मिक आयोजनों के लिए प्रसिद्ध पुण्यनगरी कुरुक्षेत्र इस बार तैयार है एक नए प्रकार के आयोजन के लिए। यहां 12 फरवरी को स्वच्छ शक्ति 2019 कार्यक्रम के ज़रिए महिला शक्ति देशभर में सवच्छता का संदेश देंगी। ख़ास बात है कि इस कार्यक्रम में प्रधानम॔त्री नरेन्द्र मोदी प्रदेश की दस हज़ार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पंच सरपंच और अन्य महिला प्रतिनिधियों तथा दूसरे राज्य की पांच हज़ार महिलाओं को उनके अधिकार, स्वाभिमान,सशक्तिकरण और स्वच्छता की अहमियत बताएंगे।

ये आयोजन सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है बल्कि धर्मनगरी की धरा से प्रधानमंत्री हरियाणा के लोगों को कई सौगात देंगे जिनमें झज्झर में नेशनल कैंसर इंस्टिट्यूट का उद्घाटन भी शामिल है। 2037 करोड़ की लागत से बना ये कैंसर संस्थान देश में कैंसर इलाज का एक महत्वपूर्ण केंद्र होगा। इसके अलावा कुरुक्षेत्र में बनने वाले देश के पहले आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यस भी करेंगे। इसके अलावा करनाल के फोरलेन बाइपास, करनाल में दीन दयाल उपाध्याय मेडिकल यूनिवर्सिटी और पंचकूला में आयुष के पोस्ट ग्रैजुएट संस्थान का शिलान्यास किए जाने का कार्यक्रम है।  इस आयोजन के लिए हरियाणा सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं। देशभर से आ रहीं नारी शक्ति के स्वागत, खाने पीने और ठहरने की  ख़ास व्यवस्था है। ब्रह्म सरोवर के तट पर आयोजित होने वाले इस  कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में है।

प्रधानमंत्री के आगमन और बड़ी संख्या में महिला स्वच्छाग्रहियों के जुटने के चलते सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। स्वच्छाग्रहियों के उत्साह और महिला शक्ति के आत्मविश्वास को देखकर ये यकीन हो चला है कि गांधीनगर और लखनऊ के बाद अब  कुरुक्षेत्र में आयोजित हो रहा स्वच्छ शक्ति सम्मेलन स्वच्छता के संदेश को जन जन तक पहुंचाने के अपने उद्देश्य में ज़रूर सफल होगा ।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO