भारत
संसद के दोनों सदनों में उठे आरक्षण में रोस्टर के मुद्दे पर हंगामे की भेट चढ़ी राज्यसभा की कार्यवाही
गुरुवार को राज्यसभा में विश्वविद्यालय रोस्टर में ओबीसी,एससी एसटी को
आरक्षण बहाल किये जाने का मुद्दा छाया रहा। सपा,बसपा और आरजेडी के हंगामे
की वजह से सदन की कार्यवाही दिन भर बाधित रही। हालांकि सरकार ने दोहराया कि
आरक्षण के साथ छेड़छाड़ के हम खिलाफ हैं। लेकिन विपक्षी सदस्य विधेयक की
मांग पर अड़े रहे। लोकसभा में सूचना और प्रसारण मंत्री ने क्मयूनिटी रेडियो
को बढ़ावा देने पर ज़ोर दिया।
संसद को दोनों सदनों में
विश्वविद्यालय रोस्टर में आरक्षण बहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इसी
मुद्दे पर राज्यसभा की कार्यवाही गुरुवार को भी हंगामे की भेंट चढ़ गया।
शून्यकाल में सभापति वैंकैया नायडू चाहते थे कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर
चर्चा शुरु करा ली जाये। लेकिन सपा,बसपा और आरजेडी ने शून्यकाल में
विश्वविद्यालय रोस्टर में ओबीसी,एससी,एसटी आरक्षण का मुद्दा उठाकर सदन में
शोर शराबा किया। विपक्षी पार्टियों की मांग थी कि सरकार विश्वविद्यालयों
में आरक्षण बहाल करने के लिये विधेयक लाये। सरकार ने साफ किया कि ओबीसी
आरक्षण में किसी भी तरह की छेडछाड़ नहीं होगी। सरकार सुप्रीम कोर्ट का
दरवाजा खटखटायेगी।
इधर लोकसभा में एक सवाल के जवाब में सूचना और
प्रसारण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि कम्यूनिटी रेडियो को
आदिवासी इलाकों में बढ़ावा देने में मदद किया जायेगा, ताकि आदिवासी इलाकों
की संस्कृति को बढ़ावा देने में मदद मिल सके। सूचना प्रसारण मंत्री ने कहा
कि वे डीडी इंडिया के विदेशों में प्रसारण पर तेज़ी से काम कर रहे हैं।
संसद
के बजट सत्र में अब मात्र चंद दिन बचे हैं। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर
चर्चा के अलावा बजट को पारित कराना बेहद जरुरी है। लेकिन राज्यसभा विपक्ष
के हंगामें के चलते चल ही नहीं पा रही है।