पंजाब
पंजाब में वन क्षेत्र 35583 एकड़ बढ़ा: साधु सिंह धर्मसोत
‘घर -घर हरियाली’ मुहिम के अंतर्गत 65 लाख पौधे मुफ़्त बांटे
चंडीगढ़ – पंजाब के वन मंत्री स. साधु सिंह धर्मसोत ने कहा है कि पंजाब सरकार की विशेष कोशिशों स्वरूप पिछले कुछ सालों के दौरान पंजाब के वन क्षेत्र में 35583 एकड़ का विस्तार दर्ज किया गया है। स. धर्मसोत ने यह खुलासा करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अममरिन्दर सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लोगों की अच्छी सेहत के लिए और साफ़ पर्यावरण के लिए किए गए विशेष यत्नों के कारण राज्य में वन अधीन क्षेत्र में विस्तार दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की तरफ से 5 जून, 2018 को मिशन तंदुरुस्त पंजाब के अंतर्गत शुरू की गई ‘घर -घर हरियाली’ मुहिम अधीन अब तक 65 लाख पौधे मुफ़्त बाँटे जा चुके हैं। स. धर्मसोत ने बताया कि ‘घर -घर हरियाली’ मुहिम के अंतर्गत जहाँ राज्य की विभिन्न सरकारी और प्राईवेट संस्थाओं को मुफ़्त पौधे बाँटे गए हैं, वहीं ‘आई हरियाली’ ऑनलाइन एप्लीकेशन के द्वारा भी लोगों को प्रति व्यक्ति 15 -15 पौधे उनके नज़दीकी नर्सरी से मुहैया करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 18 लाख पौधे ऑनलाइन बुकिंग के द्वारा मुहैया करवाए जा चुके हैं। स. धर्मसोत ने आगे बताया कि राज्य सरकार द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के आगमन पर राज्य के हर गाँव में 550 पौधे लगाने का प्रयास भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की नर्सरियों में पौधों की पनीरी तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के हर गाँव में 550 -550 पौधे पंचायत विभाग के सहयोग से लगाए जाएंगे। स. धर्मसोत ने बताया कि विभाग की तरफ से राज्य के किसानों को कोलोनल हाईटैक्क नर्सरी कादियाँ, गुरदासपुर के द्वारा 10 लाख मुफ़्त पौधे बांटे जा चुके हैं। इसी तरह अच्छी सेहत बनाए रखने के उद्देश्य से 4 लाख पौधे भी राज्य के लोगों को मुहैया करवाए जा चुके हैं।