संसार
अमेरिका का राष्ट्रपति के रूप में गोइदो को समर्थन का स्वागत
अमेरिका ने वेनेजुएला के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में जुआन गोइदो को मान्यता देने के लिए कई यूरोपीय देशों के निर्णय का किया स्वागत|
वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर इस्तीफा देने और देश में आम चुनाव कराने को लेकर अतंरराष्ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है। फ्रांस, जर्मनी और स्पेन समेत यूरोपीय संघ के करीब 16 देशों ने विपक्षी नेता जुआन गोइदो को देश के अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर आधिकारिक मान्यता दे दी है। अमेरिका ने यूरोपीय देशों के इस कदम का स्वागत किया| अमेरिका खुद भी शुरू से ही गोइदो को ही समर्थन देता रहा है। इस बीच अंतर्राष्ट्रीय समर्थन हासिल कर चुके गोइदो ने राष्ट्रपति मादुरो की उस चेतावनी को खारिज कर दिया है, जिसमें राष्ट्रपति ने कहा था कि राजनीतिक संकट से देश में गृहयुद्ध भड़क सकता है| दरअसल वेनेज़ुएला पिछले कुछ समय से भयानक आर्थिक तंगी के दौर से गुज़र रहा है। हालत ये है कि यहां दवाओं और खाने जैसी ज़रूरी चीज़ों की कमी हो गई है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक 2014 से अब तक तीस लाख लोग देश छोड़कर जा चुके हैं| वेनेज़ुएला के लोग इन्हीं मुद्दों को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे हैं|