खेल
रोहित शर्मा ने बताई हार की वजह
भारत को न्यूजीलैंड के हाथों चौथे वनडे में 8 विकेट से करारी शिकस्त का
सामना करना पड़ा। भारत की पारी को 92 रनों पर समेटने के बाद न्यूजीलैंड ने
14.4 ओवरों में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। भारत की यह गेंद शेष रहते
वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी हार है। कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि इस हार
के लिए खिलाड़ी खुद जिम्मेदार हैं।विराट को आराम दिए जाने के कारण रोहित
शर्मा ने इस मैच में टीम की कमान संभाली, यह उनका 200वां वनडे मैच भी था।
हार के बाद रोहित ने कहा, यह बल्लेबाजी में टीम का लंबे अंतराल बाद खराब
प्रदर्शन है। हमें ऐसे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी और इसके लिए न्यूजीलैंड
के गेंदबाजों को श्रेय दिया जाना चाहिए। जब गेंद स्विंग हो रही हो तो
बल्लेबाजों को दबाव सहन करना होता है। इस हार के लिए हम खुद ही दोषी हैं।
बल्लेबाजों को जिम्मेदारीभरा प्रदर्शन करना चाहिए था। यदि हम थोड़ी देर
क्रीज पर टिकते तो परिस्थितियां आसान हो जाती।रोहित ने कहा, हमने कुछ खराब
शॉट्स भी खेले। जब गेंद स्विंग होती हैं तो बल्लेबाजों के लिए चुनौती बढ़
जाती हैं। टीम कई सीरीज से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही थी इसके चलते सभी
को पता है कि इस मैच में क्या गलत हुआ। जब हम अपने देश के लिए खेल रहे होते
है तो हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है।
ऐसे हारा भारत;-इस
मैच में न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया और उनके
तेज़ गेंदबाज़ ट्रेंट बोल्ट (21-5) और कोलिन ग्रैंडहोम (26-3) की बेहतरीन
गेंदबाजी ने भारतीय पारी को 92 रन पर समेट दिया। भारतीय टीम का वनडे
क्रिकेट में ये सातवां सबसे कम स्कोर रहा।भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा
(7), शिखर धवन (13), अपना पहला मैच खेल रहे शुभमन गिल ने नौ रन बनाए जबकि
अंबाती रायडू और दिनेश कार्तिक खाता तक नहीं खोल सके। केदार जाधव और
भुवनेश्वर कुमार ने एक-एक रन बनाया जबकि खलील अहमद पांच रन बना सके। जबकि
चहल ने 18 और कुलदीप ने 15 रन बनाए। इन दोनों ने 25 रन की साझेदारी कर भारत
के स्कोर को 92 रन तक पहुंचाया।न्यूज़ीलैंड की ओर से बोल्ट और ग्रैंडहोम
के अलावा कीवी टीम की ओर से जेम्स नीशम और एस्टल ने एक-एक सफलता पाई।
ऐसी
रही न्यूज़ीलैंड की पारी:-न्यूज़ीलैंड की टीम 93 रन के लक्ष्य का पीछा
करने उतरी तो उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। कीवी टीम को 13 रन के स्कोर पर
मार्टिन गुप्टिल (14) का विकेट गंवा दिया। गुप्टिल को भुवनेश्वर कुमार
हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद भुवी ने एक बार फिर
भारत को सफलता दिलाई जब उन्होंने कीवी कप्तान केन विलियमसन (11) रन बनाकर
विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद हेनरी निकोल्स
और रॉस टेलर ने न्यूज़ीलैंड को बेहतरीन साझेदारी कर जीत दिला दी। निकोल्स
30 और रॉस टेलर 37 रन बनाकर नाबाद रहे।