भारत
यूपी कैबिनेट की गंगा एक्सप्रेस-वे को मंज़ूरी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज कुंभ में की
कैबिनेट की बैठक, राज्य के पश्चिमी से पूर्वी हिस्से को जोड़ने के लिए
36000 करोड़ रुपए की लागत वाले दुनिया के सबसे लम्बे गंगा एक्सप्रेस-वे को
दी मंजूरी… 600 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे मेरठ को प्रयागराज को जोड़ेगा।
उत्तरप्रदेश
की योगी सरकार की प्रयागराज स्थित कुंभ मेले में कल कैबिनेट की बैठक हुई।
बैठक में योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रयागराज को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से
जोड़ने के लिए दुनिया के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे- गंगा एक्सप्रेसवे को
सैद्धांतिक सहमति दी। इसके अलावा मंत्रीमंडल की बैठक में बुंदेलखंड के
विकास के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को भी सैद्धांतिक सहमति दी गई है। यह
एक्सप्रेसवे लगभग 296 किलोमीटर लंबा होगा। उत्तराखंड के अलग होने के बाद यह
पहला मौका है, जब राज्य में कैबिनेट बैठक राजधानी लखनऊ से बाहर हुई। इस
मौके पर योगी आदित्यनाथ ने अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ संगम में डुबकी भी
लगाई।
इतिहास में पहली बार कुम्भ मेले में उत्तरप्रदेश मंत्री
परिषद की बैठक हुई जिसमें तमाम अहम फैसले हुए । बैठक में योगी आदित्यनाथ
सरकार ने प्रयागराज को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जोड़ने के लिए दुनिया के
सबसे बड़े एक्सप्रेसवे- गंगा एक्सप्रेसवे को सैद्धांतिक सहमति दी। बैठक के
बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 36000 करोड़ की लागत से बनने
वाला ये एक्सप्रेसवे मेरठ, अमरोहा, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर,
फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए
प्रयागराज आएगा और लगभग 600 किलोमीटर लंबा होगा।
इसके अलावा
मंत्रीमंडल की बैठक में बुंदेलखंड के विकास के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे
को भी सैद्धांतिक सहमति दी गई है। यह एक्सप्रेसवे लगभग 296 किलोमीटर लंबा
होगा और जिस पर 8,864 करोड़ रुपये खर्च होंगे और 3641 हेक्टेयर भूमि की
आवश्यकता इसके लिए पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश कि लोगों की
धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज में भारद्वाज पार्क के
सौंदर्यीकरण की तर्ज पर भारद्वाज ऋषि के आश्रम का भी सौंदर्यीकरण करने,
प्रयागराज के पास स्थित श्रृंगवेरपुर तीर्थ स्थल को विकसित करने, निषादराज
का पार्क विकसित करने और उनकी मूर्ति लगाने के प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल
ने सहमति दी है। इसके अलावा मंत्रीमंडल के अन्य फैसलों में….
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के बेघर 3791 कुष्ठ रोगियों को आवास प्रदान किया जाएगा
सर्जिकल स्ट्राइक पर बनी फिल्म उरी को राज्य जीएसटी से मुक्त किया गया
लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई के चिकित्सकों और गैर चिकित्सकों को अब दिल्ली के एम्स की तरह सुविधाएं मिलेंगी।इसके अलावा राज्य कैबिनेट ने महर्षि बाल्मिकी के प्रयागराज-चित्रकूट के बीच पहाड़ी नामक स्थान पर स्थित आश्रम पर एक भव्य प्रतिमा लगाने, रामायण पर एक शोध संस्थान खोलने और आश्रम का सौंदर्यीकरण करने के प्रस्ताव को भी सहमति दी है। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ संगम में डुबकी लगाई। मुख्यमंत्री के साथ अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि और अन्य साधु संतों ने भी संगम में स्नान किया। मुख्यमंत्री योगी अपने मंत्रिमंडल के साथ लेटे हुए हनुमान जी के मंदिर गए जहां उन्होंने पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के साथियों के साथ अक्षयवट और सरस्वती कूप के भी दर्शन किए।