भारत
प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में युवाओं से मतदाता के तौर पर खुद को पंजीकृत कराने की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मासिक कार्यक्रम मन की बात के जरिये लोगों
से अपने विचार साझा किए। पीएम मोदी ने जहां युवाओं से मतदाता के तौर पर
खुद को पंजीकृत कराने की अपील की वहीं चुनाय आयोग से कहा कि विशेष रूप से
देश के दूरदराज के क्षेत्रो में मतदान केंद्र स्थापित करें ताकि हर मतदाता
अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने
कार्यक्रम मन की बात में राष्ट्रीय मतदाता दिवस की चर्चा करते हुए चुनाव
आयोग की सराहना की। प्रधानमंत्री ने युवाओं से मतदाता के तौर पर खुद को
पंजीकृत कराने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो पर
प्रसारित होने वाले कार्यक्रम मन की बात में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के बारे
में चर्चा की। उन्होंने चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए चुनाव
आयोग के कार्य क्षमता की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा- “भारत में जिस
स्केल पर चुनाव का आयोजन होता है उसे देखकर दुनिया के लोगों को आश्चर्य
होता है और हमारा चुनाव आयोग जिस बखूबी से इसका आयोजन करता है इसे देखकर
प्रत्येक देशवासी को चुनाव आयोग पर गर्व होना स्वाभाविक है | हमारे देश में
यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती है कि भारत का प्रत्येक
नागरिक, जो एक पंजीकृत मतदाता है, रजिस्टर्ड मतदाता है – उसे मतदान करने का
अवसर मिले”
पीएम मोदी ने युवाओं से अपील की कि वह मतदाता के तौर पर
खुद को पंजीकृत कराएं। उन्होंने यह अपील खासतौर से उन युवाओं से की जो
21वीं सदी के हैं। पीएम ने कहा कि “इस साल हमारे देश में लोकसभा के चुनाव
होंगे, यह पहला अवसर होगा जहाँ 21वीं सदी में जन्मे युवा लोकसभा चुनावों
में अपने मत का उपयोग करेंगे | उनके लिए देश की ज़िम्मेदारी अपने कन्धों पर
लेने का अवसर आ गया है | अब वो देश में निर्णय प्रक्रिया के हिस्सेदार बनने
जा रहे हैं | ख़ुद के सपनों को, देश के सपनों के साथ जोड़ने का समय आ चुका
है | मैं युवा-पीढ़ी से आग्रह करता हूँ कि अगर वे मतदान करने के लिए पात्र
हैं तो ख़ुद को ज़रूर मतदाता के रूप में रजिस्टर करवाएँ |”
राष्ट्रीय
मतदाता दिवस देशभर में हर साल 25 जनवरी को मनाया जाता है। देश में चुनाव
आयोग की स्थापना इसी दिन की गई थी। लिहाजा यह चुनाव आयोग के लिए स्थापना
दिवस भी होता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज
कराने के लिए लोगों को बढ़ावा देना, प्रक्रिया की जानकारी देना और ज्यादा
से ज्यादा मतदाता पंजीकरण खासतौर से नए मतदाताओं को पंजीकृत करना है।