खेल

आनंद की टाटा स्टील शतरंज खिताब जीतने की उम्मीदों को लगा करारा झटका

Posted on

आनंद टाटा स्टील शतरंज में कार्लसन से हारे
24 जनवरी (भाषा) विश्वनाथन आनंद की टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में छठा खिताब जीतने की उम्मीदों का गुरूवार को करारा झटका लगा क्योंकि उन्हें दसवें दौर में नार्वे के मौजूदा विश्व चैंपियन मैगनस कार्लसन से हार का सामना करना पड़ा। आनंद ने इससे पहले तक टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन इस हार से उनकी खिताब की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गयी हैं। विज्क आन जी के बाद अब लीडेन में खेली जा रही इस प्रतियोगिता में एक अन्य भारतीय विदित गुजराती ने हालांकि पूर्व विश्व चैंपियन रूस के व्लादीमीर क्रैमनिक को हराया। स्थानीय खिलाड़ी अनीश गिरी और जोर्डन वान फोरीस्ट ने भी अपनी बाजियां जीती। उन्होंने क्रमश: रूस के व्लादीमीर फेदोसीव और इयान नेपोमिनियाची को हराया। हंगरी के रिचर्ड रैपोर्ट ने पोलैंड के डुडा जान क्रिस्तोफ को हराया। दसवें दौर के बाद कार्लसन ने सात अंक के लेकर एकल बढ़त हासिल कर ली है। अनीश गिरी उनसे आधा अंक पीछे दूसरे स्थान पर हैं। आनंद के छह अंक हैं और वह चीन के डिंग लीरेन और नेपोमिनियाची के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। विदित गुजराती के पांच अंक हैं और वह अजरबेजान के तैमूर रादजाबोव के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO