व्यापार

2019 में 7.5 प्रतिशत रहेगी भारत की आर्थिक वृद्धि: आईएमएफ

Posted on

आईएमएफ ने जताया अनुमान, 2019 में भारत की आर्थिक वृद्धि रहेगी 7.5 प्रतिशत, 2020 में 7.7 प्रतिशत रहने की संभावना.

भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 2019 में 7.5 प्रतिशत तथा 2020 में 7.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) ने सोमवार को यह अनुमान लगाते हुए कहा कि इन दो साल के दौरान चीन की तुलना में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर एक प्रतिशत अंक अधिक रहेगी। 2019 और 2020 में चीन की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 6.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

आईएमएफ ने जनवरी के अपने वैश्विक अर्थव्यवस्था परिदृश्य अपडेट में कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। आईएमएफ ने कहा, ‘‘2019 में भारतीय अर्थव्यवस्था रफ्तार पकडे़गी। इसकी प्रमुख वजह कच्चे तेल की कीमतों में कमी तथा मुद्रास्फीतिक दबाव कम होने से मौद्रिक रुख नरम होना रहेगा।’’

आईएमएफ की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्तीय प्रोत्साहन से चीन पर अमेरिका के ऊंचे शुल्कों के प्रभाव को कम करने में मदद मिली है। इसके बावजूद चीन की अर्थव्यवस्था की रफ्तार सुस्त रहेगी। इसकी वजह जरूरी वित्तीय नियामकीय रुख में सख्ती तथा अमेरिका के साथ व्यापार को लेकर तनाव है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि उभरते और विकासशील एशिया में वृद्धि दर 2018 के 6.5 प्रतिशत से घटकर 2019 में 6.3 प्रतिशत रहेगी। 2020 में यह 6.4 प्रतिशत रहेगी। चीन की वृद्धि दर 2017 में 6.9 प्रतिशत रही थी, जबकि उस वर्ष भारतीय अर्थव्यवस्था 6.7 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी। 2018 में चीन की वृद्धि दर 6.6 प्रतिशत है। अगले दो साल यानी 2019 और 2020 में चीन की अर्थव्यवस्था 6.2 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO