संसार
पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष के सामने फिर उठाया कश्मीर मुद्दा
इस्लामाबाद-पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शुक्रवार को
संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मारिया फनरंडा एस्पिनोसा के साथ मुलाकात
के दौरान कश्मीर मुद्दे को उठाया। वार्ता के दौरान एस्पिनोसा ने अफगान
शरणार्थियों की मेजबानी के लिए पाकिस्तान की सराहना की। बता दें कि पिछले
साल सितंबर में पद संभालने के बाद एस्पिनोसा एशिया-प्रशांत क्षेत्र की पहली
आधिकारिक यात्रा पर इस्लामाबाद पहुंची थीं।
कुरैशी ने कहा कि
संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष के साथ उन्होंने कई क्षेत्रीय और
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत की। कश्मीर पर चर्चा के दौरान उन्होंने
वहां पर मानव अधिकारों के उल्लंघन पर पाकिस्तान की गंभीर चिंता से भी
उन्हें अवगत कराया।
उन्होंने कश्मीर पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा
परिषद के प्रस्तावों को लागू करने और इस दीर्घकालिक मुद्दे को हल करने का
आह्वान किया। कुरैशी ने आरोप लगाया कि भारत लगातार नियंत्रण रेखा पर संघर्ष
विराम समझौते का उल्लंघन कर रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस
मुद्दे को हल करने में मदद करने का आग्रह किया।
कुरैशी ने कहा कि
पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष की इस बात से सहमत है कि
दुनिया में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए एक मजबूत और जीवंत संयुक्त
राष्ट्र की जरूरत है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों
ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की चल रही प्रक्रिया पर भी
उपयोगी चर्चा की।
एस्पिनोसा 22 जनवरी तक इस्लामाबाद में रहेंगी और
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी और प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात करेंगी।
एस्पिनोसा शिक्षाविदों, थिंक टैंक और छात्रों को भी संबोधित करेंगी। 2010
के बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष की यह दूसरी यात्रा है।