खेल
सिडनी वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 34 रन से हराया
सिडनी में खेले गए पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 34 रन से हरा दिया है. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत के सामने जीत के लिए 289 रन का लक्ष्य रखा. जवाब में भारत निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 254 रन ही बना सका.
भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 4 रन पर 3 विकेट गंवा दिए. इसके बाद रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी ने पारी को संभाला. धोनी ने अपना पहला रन लेने के साथ ही 10,000 रन पूरे किए. वो भारत की तरफ से दस हजारी क्लब में शामिल होने वाले 5वें बल्लेबाज़ बने. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी रही हुई. धोनी ने अर्धशतकीय पारी खेली. धोनी 51 रन बनाकर बेहरनदौर्फ का शिकार हुए. वहीं रोहित शतक जमाने में कामयाब रहे. यह रोहित के वनडे करियर का 22वां शतक था. दिनेश कार्तिक 12 रन बनाकर आउट हुए. एक छोर से रोहित का धमाल जारी रहा. रोहित 133 रन बनाकर स्टोनिस का शिकार हुए. निचले क्रम में भुवनेश्वर कुमार ने कुछ अच्छे हाथ दिखाए लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला सके. भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए. इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैचों की सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है.
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया. कप्तान एरोन फिंच को भुवनेश्वर कुमार ने बोल्ड किया. जल्दी ही विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी को कुलदीप यादव ने पवेलियन भेज दिया. तीसरे विकेट के लिए शॉन मार्श और उस्मान ख्वाजा ने 92 रन जोड़े. दोनों ने अर्द्धशतक लगाए. ख्वाजा 59 रन बनाकर जड़ेजा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए. वहीं मार्श 54 रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने. हैंड्सकॉम्ब ने 61 गेंदों में 73 रन की शानदार पारी खेली. निर्धारित 50 ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट पर 288 रन बनाए. मार्क्स स्टॉयनिस 47 और मैक्सवेल 11 रन बनाकर नाबाद रहे.