खेल
कप्तान कोहली ने बताई सिडनी में हार की वजह, इसे बताया सबसे बड़ा कारण
सिडनी। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने सिडनी
क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर खेले गए पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के
हाथों मिली 34 रनों की हार का कारण बल्लेबाजी में अच्छी शुरुआत न मिलने को
बताया है। कोहली ने कहा है कि उनके गेंदबाजों ने अच्छा काम किया लेकिन
बल्लेबाजी में कहीं न कहीं कमी रह गई।
इस वजह से हारे सिडनी वनडे:-कोहली
ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान कहा, ‘हम जिस तरह से खेले उससे हम खुश
नहीं हैं। हमने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया। इस विकेट पर 300 से ज्यादा
का स्कोर बनना था लेकिन हमने उन्हें यहां तक नहीं पहुंचने दिया। हमें लगा
था कि 288 हासिल करने वाला लक्ष्य है। शुरुआत में तीन विकेट खोना किसी भी
लिहाज से अच्छा नहीं होता।’
भारत की खराब शुरुआत;-ऑस्ट्रेलिया
ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने मजबूत मध्यक्रम के संयुक्त प्रयास के दम
पर निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट खोकर 288 रन बनाए थे। भारतीय टीम
पूरे ओवर खेलने के बाद भी नौ विकेट खोकर 254 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा
करने उतरी भारत का मजबूत बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्ताें की तरह ढह गया और
उसके सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े को छू सके। भारत की शुरुआत बेहद
खराब रही। उसने चार रन पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। ओपनर शिखर धवन
(0), कप्तान विराट कोहली (3) और अंबाती रायुडू (0) सस्ते में पवेलियन लौट
लिए। इसके बाद रोहित ने महेंद्र सिंह धौनी (51) के साथ मिलकर टीम को
संभाला।
कोहली ने की रोहित-धौनी की तारीफ;-कोहली ने
शतक लगाने वाले रोहित शर्मा की तारीफ की। साथ ही उनके साथ शतकीय साझेदारी
करने वाले महेंद्र सिंह धौनी के योगदान को भी सराहा। रोहित ने 133 रनों की
पारी खेली तो वहीं धौनी ने 51 रन बनाए।कोहली ने कहा, ‘रोहित ने बेहतरीन
पारी खेली और धौनी ने उनका अच्छा साथ दिया, लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह
का मैच का टेम्पो था उसमें हम और अच्छा कर सकते थे। दोनों ने मैच को गहराई
में पहुंचा दिया था, लेकिन धौनी उसी जगह आउट हो गए। इससे रोहित पर दवाब आ
गया। एक और अच्छी साझेदारी होती तो मैच हमारे नाम होता, लेकिन शुरुआत में
तीन विकेट गिरना सबसे बड़ी समस्या रही और ऑस्ट्रेलिया ने हमें वहां से
वापसी नहीं करने दी।’इस मैच को जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे
सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। यह ऑस्ट्रेलिया की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट
में 1000वीं जीत है