व्यापार

वित्त मंत्री जेटली की अध्यक्षता में शुरू हुई GST काउंसिल की बैठक, SME के लिए हो सकता है राहत का एलान

Posted on

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में जीएसटी काउंसिल की 32वीं बैठक शुरु हो गई है। यह नए वर्ष में जीएसटी काउंसिल की पहली बैठक है। माना जा रहा है कि इस बैठक में एसएमई सेक्टर के लिए राहत से जुड़ी कोई घोषणा हो सकती है। इस अहम बैठक में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के फ्लैट और मकान पर जीएसटी घटाकर पांच फीसद किए जाने की उम्मीद है। लॉटरी पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दर तय करने पर भी गुरुवार को फैसला हो सकता है। पिछली बैठक में सीमेंट पर जीएसटी की दर नहीं घटी थी। दोपहिया वाहन सेक्टर भी टैक्स दर 28 से घटाकर 18 फीसद करने की मांग करता रहा है, जिस पर गुरुवार को कोई फैसला होने की उम्मीद है।इससे पहले जीएसटी काउंसिल के दो मंत्रिसमूह की बैठक पिछले सप्ताह हुई थी। उसमें जीएसटी के लिए कारोबार की मौजूदा सीमा 20 लाख रुपये को बढ़ाकर 50 लाख रुपये तक करने पर विचार हुआ था। लेकिन सदस्यों में सहमति नहीं बन पाने के चलते इस मसले को जीएसटी काउंसिल में विचार के लिए छोड़ दिया गया था। इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी काउंसिल में चर्चा की उम्मीद है।
कंपोजीशन स्कीम में बदलाव: कंपोजीशन स्कीम को लेकर भी कारोबारी बड़े एलान की उम्मीद कर रहे हैं। कारोबारी कंपोजिशन स्कीम की मौजूदा एक करोड़ रुपये सालाना राजस्व की सीमा बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा इनको साल में केवल एक बार रिटर्न फाइल की सुविधा भी दी जा सकती है। अब तक रिटर्न तिमाही आधार पर भरे जाते हैं।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO