खेल
ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ जीतकर टीम इंडिया ने रचा इतिहास
ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ टेस्ट सीरीज़ में 2-1 की जीत के साथ सोमवार को टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है. पिछले 71 साल में ये पहली बार है जब भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ सीरीज़ जीती है.
सिडनी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए चार टेस्ट मैचों की सीरीज़ का चौथा और अंतिम टेस्ट मुक़ाबला ड्रॉ रहा. ये जीत इसलिए भी ख़ास है कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया की सरज़मीं पर पहली बार उसके ख़िलाफ टेस्ट सीरीज़ जीती है.
चौथे टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन बारिश के चलते एक भी गेंद नहीं खेली जा सकी. गौरतलब है कि भारत की पहली पारी के 7 विकेट पर 622 के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 300 रन पर सिमट गई थी, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन का सामना करना पड़ा था. ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में बगैर कोई विकेट खोए 6 रन बनाए थे.
मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज़ का ख़िताब चेतेश्वर पुजारा के नाम रहा.