खेल

सिडनी टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया फॉलोऑन

Posted on

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे सिडनी टेस्ट के चौथे दिन का खेल ख़राब रोशनी के कारण समय से पहले ख़त्म करना पड़ा. जब खेल रुका तो ऑस्ट्रेलिया ने फॉलोऑन खेलते हुए अपनी दूसरी पारी में बगैर विकेट खोए 6 रन बना लिए थे.

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 300 रन पर सिमट गई. खराब मौसम के चलते मैच को देर से शुरू करना पड़ा. रविवार सुबह ऑस्ट्रेलिया ने अपने शनिवार के स्कोर 6 विकेट पर 236 रन से आगे खेलना शुरू किया. जल्द ही पैट कमिंस को मोहम्मद शमी ने 25 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया. इसके बाद हैंड्सकोंब को बुमराह ने बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई. ऑस्ट्रेलिया के पुछल्ले बल्लेबाजों ने हालांकि टिककर खेलने की कोशिश की, बावजूद इसके पूरी टीम 300 रन रन पर ऑल आउट हो गई. कुलदीप यादव ने 5 विकेट झटके.

सिडनी टेस्ट आंकड़ों के लिहाज़ से काफी महत्वपूर्ण जगह बना चुका है. घरेलू सरज़मीं पर ऑस्ट्रेलिया को 30 साल के बाद फॉलोऑन का सामना करना पड़ा है. गौरतलब है कि भारत के 622 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी पहली पारी में 300 रन पर सिमट गई. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को 1988 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सिडनी टेस्ट में फॉलोऑन खेलना पड़ा था.

ये चौथी बार है जब ऑस्ट्रेलिया को भारत के ख़िलाफ़ फॉलोऑन का सामना करना पड़ा है. इससे पहले 1986 में सिडनी में, जबकि 1979-80 में दिल्ली और मुंबई में ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन खेलना पड़ा था. ऑस्ट्रेलिया से बाहर कंगारू टीम को 2005 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ ट्रेंटब्रिज टेस्ट में फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा था.

भारत द्वारा हासिल की गई 322 रन की बढ़त ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टीम इंडिया की दूसरी सबसे बड़ी बढ़त है, जबकि ऑस्ट्रेलिया में सबसे बड़ी. इससे पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 1998 में कोलकाता के ईडन गार्डेंस में 400 रन की बढ़त हासिल की थी.

कुलदीप यादव के लिए भी सिडनी टेस्ट ख़ास रहा. मेहमान टीम की ओर से 99 रन देकर 5 विकेट लेने वाले वो दूसरे लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाज़ रहे, जिनका ऑस्ट्रेलिया में ये शानदार रिकॉर्ड रहा.

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO