खेल

नाराज हो गए शेन वॉर्न, भारत के खिलाफ वनडे टीम की चयन पर जमकर बरसे

Posted on

सिडनी। भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 14 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम का एलान कर दिया गया है, लेकिन कंगारू टीम के पूर्व स्पिनर शेन वॉर्न इससे खासे नाराज दिख रहे हैं। इस तरह की टीम के चयन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने इसकी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अगले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए इस टीम का चयन नहीं किया गया है। ऑस्ट्रेलिया ने जिस टीम की घोषणा की उसमें तेज गेंदबाज पीटर सिडल, उस्मान ख्वाजा और नाथन लियोन की वापसी हुई है। वॉर्न ने अपने ट्वीट में कहा कि इस टीम में कुछ खिलाड़ियों के शामिल नहीं किया जाना चौंकाने वाला है। इस टीम का कोई मतलब नहीं बनता है और क्रिकेट के हर प्रारूप में इस तरह के हास्यास्पद चयन को रोका जाना चाहिए।वॉर्न ने अपनी वनडे टीम की घोषणा की जिसमें डार्सी शार्ट को टीम में जगह दी गई है। उनकी टीम में एरोन फिंच, एलेक्स कैरी, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एश्टन एगर या मिशेल मार्श में से एक, जेम्स पैटिनसन, झेय रिचर्डसन, रिले मेरेडिथ, एडम जम्पा शामिल हैं।शेन ने कहा कि मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि डार्सी शार्ट को टीम में जगह नहीं दी गई है। आखिर उन्होंने कौन सी गलती की है। वो ओपनिंग कर सकते हैं साथ ही साथ गेंदबाजी भी कर सकते हैं। वो इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में हैं और एरोन फिंच के साथ शानदार ओपनर साबित हो सकते हैं। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए शेन ने कहा कि इंग्लैंड में होने वाले अगले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम का चयन किया जाना चाहिए। इंग्लैंड में पिच सपाट रह सकती है और वहां पर स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद है साथ ही साथ वहां के मैदान छोटे होंगे जहां आपको ऐसे बल्लेबाज की जरूरत होगी जो बड़े शॉट खेल सकें और ज्यादा वक्त क्रीज पर बिता सकें। इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिए टीम के पास अच्छे अनुभवी तेज गेंदबाज की भी जरूरत होगी।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO