भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का झारखंड,ओडिशा दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज झारखंड के पलामू और ओडिशा के बारीपड़ा का करेंगे दौरा, पलामू में प्रधानमंत्री एक बांध की रखेंगे आधारशिला वहीं ओडिशा में एक जनसभा को भी करेंगे संबोधित.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज झारखंड के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री पलामू जिले में ढाई हजार करोड़ की लागत से बनने वाले मंडल डैम का शिलान्यास करेंगे और राज्यवासियों को छह अन्य बड़ी सिचाई परियोजना की सौगात भी देंगे। इन परियोजनाओं से जहां सूखे से जूझ रहे पलामू को राहत मिलेगी वहीं झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार के भी कई जिलों को सीधा फायदा होगा।
करीब 2500 करोड़ की लागत से बनने वाले इस डैम से हर साल सूखे की मार झेलने वाले पलामू प्रमंडल के किसानों को सीधा फायदा तो होगा ही, पड़ोसी राज्य बिहार के भी किसानों को सिचाई के लिए पानी मिल सकेगा। प्रधानमंत्री मंडल डैम के अलावा 1138 करोड़ की लागत से पलामू और गढ़वा में सोन नदी से सिंचाई तथा पेयजल उपलब्ध कराने की योजना की भी आधारशिला रखेंगे। इस काम के लिए अंडरग्राउंड पाइपलाईन बिछाई जाएगी, जिससे भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बताया कि इन परियोजनाओं से किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान पीएम मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना के 25 हजार लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराएंगे। प्रधानमंत्री पलामू के हरिहरगंज के बतरे जलाशय योजना, गढ़वा के बाइ बांके जलाशय योजना, चतरा के अनजाना जलाशय योजना और चाईबासा के ब्राहणी जलाशय योजना की भी राज्यवासियों को सौगात देंगे।
मंडल डैम परियोजना से जहां बिहार औऱ झारखंड के एक लाख 11 हजार हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि में सिचाई की सुविधा मिलेगी वहीं 24 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी हो सकेगा।