हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कुल्लू में किया 20 करोड़ के अटल सदन का लोकार्पण

Posted on

अटल बिहारी वाजपेयी एक राजनेता, महान कवि और श्रेष्ठ राजनीतिज्ञ थे, जो दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करते थे और राजनीतिक विरोधी भी उन्हें प्यार करते थे और सम्मान करते थे। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने दिवंगत प्रधानमंत्री भारत रतन अटल बिहारी वाजपेयी जन्म दिवस के अवसर पर आज कुल्लू में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अटल सदन के लोकार्पण के उपरान्त संबोधित करते हुए कही।मुख्यमंत्री ने कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रोहतांग सुरंग का नाम श्री वाजपेयी के नाम पर रखा जाएगा, क्योंकि जनजातीय जिला को बारहमासी कनेक्टिविटी प्रदान करने वाली इस सुरंग का निर्माण उनके दिमाग की उपज है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। इसी प्रकार, शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अटल सदन कुल्लू में भी उनकी छोटी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने अटल सदन में दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने 21वीं सदी के भारतीयों के लिए बहुत सी भावनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि यह श्री वाजपेयी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति थी कि उन्होंने सफलतापूर्वक पोखरण में पांच भूमिगत परमाणु परीक्षण किए। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ में हिन्दी में सम्बोधित करने वाले श्री वाजपेयी पहले भारतीय थे।जय राम ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश तथा यहां के लोगों के प्रति विशेष स्नेह था। उन्होंने कहा कि श्री वाजपेयी ने हिमाचल प्रदेश को अपने घर के रूप में चुना और मनाली के समीप प्रीणी में उनका घर है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधी भी उनके वक्तृत्व कौशल को स्वीकार करते थे। उन्होंने कहा कि वह एक उत्कृष्ट सांसद थे, जो अपने राजनीतिक विरोधियों को भी सुनने के लिए मजबूर कर देते थे।वन तथा परिवहन मंत्री गोविन्द ठाकुर ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए कहा कि राजनीतिक करियर के अलावा श्री वाजपेयी को एक आकर्षक वक्ता व एक सशक्त कवि के रूप में याद किया जाता है। इस अवसर पर कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। जय देव विद्रोही, विवेक शर्मा, सत्यपाल भटनागर तथा पल्लवी शर्मा ने इस अवसर पर कविता पाठ किए। सांसद राम स्वरूप शर्मा, बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी, आनी के विधायक किशोरी लाल सागर, कुल्लू के विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, कुल्लू भाजपा अध्यक्ष भीम सेन, सचिव भाषा एवं संस्कृति डॉ. पूर्णिमा चौहान, उपायुक्त कुल्लू युनूस सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO