खेल

Ind vs Aus: धौनी के इस सबसे बड़े रिकॉर्ड के करीब पहुंचे विराट कोहली

Posted on

नई दिल्ली। विराट कोहली को भारत का सबसे सफल कप्तान बनने के लिए केवल तीन जीत की दरकार है और अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्तमान श्रृंखला में टीम क्लीन स्वीप करने में सफल रहती है तो वह महेंद्र सिंह धौनी को पीछे छोड़कर कप्तानी में भी शिखर पर पहुंच जाएंगे।
धौनी को पीछे छोड़ सकते हैं कोहली;-विश्व के नंबर एक बल्लेबाज कोहली की अगुवाई में भारत ने अब तक 43 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें से 25 में उसने जीत दर्ज की है। बाकी मैचों में से नौ में भारत को हार मिली जबकि इतने ही मैच ड्रॉ रहे।अभी धौनी भारत के सबसे सफल कप्तान हैं जिनके नाम पर 60 मैचों में 27 जीत दर्ज हैं। मतलब कोहली को उनकी बराबरी करने के लिए अब केवल दो जीत की दरकार है। एडिलेड टेस्ट जीतकर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला का शानदार आगाज किया है और ऐसे में उसके पहली बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर श्रृंखला जीतने की संभावना भी बढ़ गई है।
पर्थ में कोहली कर सकते हैं गांगुली की बराबरी;-कोहली सबसे सफल भारतीय कप्तान बनने से पहले विदेशों में सबसे अधिक मैच जीतने वाले भारतीय कप्तान बन सकते हैं। अभी यह रिकार्ड सौरव गांगुली के नाम पर है जिनके नेतृत्व में भारत ने विदेशी धरती पर सर्वाधिक 11 टेस्ट मैच जीते हैं जबकि कोहली 10 टेस्ट मैचों में जीत के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका में सर्वाधिक पांच जबकि वेस्टइंडीज में दो मैच जीते। इसके अलावा उनकी अगुवाई में टीम ने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में एक-एक मैच में जीत हासिल की।
कोहली की नज़र बेदी के इस रिकॉर्ड पर:-ऑस्ट्रेलियाई धरती पर मैच जीतने वाले वह पांचवें भारतीय कप्तान हैं। बिशन सिंह बेदी की अगुवाई में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में दो मैच जीते हैं और कोहली यह रिकार्ड भी अपने नाम पर करना चाहेंगे। सुनील गावस्कर, गांगुली और अनिल कुंबले की कप्तानी में भी भारत ने ऑस्ट्रेलिया में एक एक मैच जीता है।कोहली अगर ऑस्ट्रेलिया में सबसे सफल भारतीय कप्तान नहीं बन पाते हैं तब भी 2019 में वह यह रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। भविष्य के दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) के अनुसार भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद 2019 में कुल आठ टेस्ट मैच खेलने हैं।एफटीपी के अनुसार भारत को मार्च में जिम्बाब्वे से एक टेस्ट खेलना है और फिर इंग्लैंड में जून में होने वाले विश्व कप के बाद जुलाई में दो टेस्ट मैचों के लिए वेस्टइंडीज का दौरा करना है। यह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत भारत की पहली श्रृंखला भी होगी। भारत अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका की तीन और बांग्लादेश की दो टेस्ट मैचों के लिए मेजबानी करेगा।
ये हैं दुनिया के सबसे सफल टेस्ट कप्तान :-कोहली को हालांकि विश्व का सबसे सफल कप्तान बनने के लिए अभी लंबी राह तय करनी होगी। यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका ग्रीम स्मिथ के नाम पर है जिन्होंने 109 टेस्ट में से 53 मैचों में जीत दर्ज की।ग्रीम स्मिथ के बाद ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (48 जीत), स्टीव वॉ (41) वेस्टइंडीज के क्लाइव लायड (36), ऑस्ट्रेलिया के एलन बोर्डर (32), न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग (28), वेस्टइंडीज के विव रिचर्ड्स और भारत के धौनी (दोनों 27) तथा ऑस्ट्रेलिया के मार्क टेलर, इंग्लैंड के माइकल वॉन और पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक (तीनों 26) का नंबर आता है।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO